चयनित अभ्यर्थियों को ज्वाइन न कराने वाले प्रबंधकों पर होगी कार्रवाई
शिक्षा निदेशक माध्यमिक ने माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड से चयनित अभ्यर्थियों को कॉलेजों में ज्वाइन न कराने के मामले में अब सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने सभी जिला विद्यालय निरीक्षकों को पत्र लिखा है कि तत्काल चयनित अभ्यर्थियों को ज्वाइन कराएं। ज्वाइन न कराने पर डीआईओएस को भी जिम्मेदार माना जाएगा और उनके खिलाफ कार्रवाई होगी।
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड के विज्ञापन संख्या 01/2021 और 02/2021 में चयनित अभ्यर्थियों को तमाम कॉलेजों के प्रबंधकों ने ज्वाइन नहीं कराया। ऐसे में शिक्षा निदेशक माध्यमिक ने जिला विद्यालय निरीक्षकों को निर्देश दिया है कि तत्काल चयनित अभ्यर्थियों को निर्धारित संस्था / कॉलेजों में ज्वाइन कराएं। यदि विद्यालय प्रबंध तंत्र इन शिक्षकों को ज्वाइन नहीं कराता है तो उनके खिलाफ कार्रवाई का प्रस्ताव शिक्षा निदेशालय को भेजें। यदि चयनित अभ्यर्थियों को निर्धारित कॉलेजों में ज्वाइन नहीं कराया जाता है, तो इसमें डीआईओएस को भी जिम्मेदार माना जाएगा। साथ ही उनके खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई होगी।