पीजी और पीएचडी में प्रवेश प्रक्रिया पर अटका निर्णय
छात्रों की मांग, सत्र को पटरी पर लाने के लिए समय से पूरी हो प्रवेश प्रक्रिया
प्रयागराज। इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) में परास्नातक (पीजी) और पीएचडी प्रवेश इविवि प्रशासन अपने स्तर से कराएगा, लेकिन प्रवेश परीक्षा के आवेदन कब शुरू होंगे, इस पर अभी तक कोई निर्णय नहीं हो सका है। छात्रों ने मांग की है कि पीजी और पीएचडी में प्रवेश की प्रक्रिया शीघ्र शुरू की जाए।
इविवि में पीजी में सत्र 2022-23 और पीएचडी में सत्र 2021-22 के तहत प्रवेश लिए जाने हैं। विश्वविद्यालय में सत्र 2021-22 के तहत स्नातक और परास्नातक की प्रवेश प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, लेकिन पीएचडी में प्रवेश के लिए संयुक्त शोध प्रवेश परीक्षा (क्रेट) का अब तक कोई अतापता नहीं। इसके लिए न तो आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो सकी है और न ही परीक्षा की कोई तिथि निर्धारित है। वहीं, अन्य विश्वविद्यालयों में नए सत्र 2022-23 के लिए पीएचडी की प्रवेश प्रक्रिया शुरू किए जाने की तैयारी चल रही है।
कोविड के कारण सत्र 2021-22 में पीजी प्रवेश की प्रक्रिया भी काफी देर से पूरी हुई। अगर नए सत्र 2022-23 के तहत आवेदन की प्रक्रिया शुरू करने में देर हुई तो पीजी में भी अगले सत्र में प्रवेश की प्रक्रिया प्रभावित होगी। छात्र नेता अजय यादव सम्राट, राहुल पटेल, नवनीत आदि का कहना है कि प्रवेश को लेकर अभ्यर्थियों में असमंजस की स्थिति है। उन्होंने मांग की है कि नए सत्र के लिए पीजी और मौजूदा सत्र के लिए पीएचडी की प्रक्रिया शीघ्र शुरू की जाए। ब्यूरो