स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय में सोमवार को प्रतापगढ़ के जेठवारा के रहने वाले कोरोना पॉजिटिव एक और व्यक्ति की मौत हो गई। वह यहां 24 मई को ओपीडी में दिखाने आया था। उसने कफ और सांस लेने में तकलीफ की शिकायत की और अपना यात्रा इतिहास बताया तो उसे संदिग्ध मानकर भर्ती कर लिया गया था। रविवार को उसकी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। जिले में अब तक कोरोना से तीन मौतें हो चुकीं हैं। उधर प्रयागराज में रविवार को कोरोना के चार और नए मामले सामने आए।
एसआरएन चिकित्सालय के एसआईसी डॉ. एके श्रीवास्तव और कोविड-19 के नोडल इंचार्ज डॉ. सुजीत कुमार द्वारा बताया गया कि प्रतापगढ़ का रहने वाला अधेड़ व्यक्ति मुंबई रिटर्न था और यहां गंभीर हालत में यहां ओपीडी में आया था। डायबिटिक, हाईपरटेंशन के साथ कोरोनरी आरटरी रोग से ग्रसित था। उसे ऑक्सीजन पर रखा गया। 25 मई को जांच रिपोर्ट पाजिटिव आने के बाद उसे कोविड-19 वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया। वहां सोमवार की भोर सवा चार बजे उसकी हालत गंभीर हुई तो वेंटिलेटर पर रख दिया गया।
सुबह 11 बजे उसने दम तोड़ दिया। अधेड़ की मौत के बाद शव को जिला प्रशासन को सौंप दिया गया। उल्लेखनीय है कि चिकित्सालय मेें इससे पहले भी दो लोगों की कोरोना से मौत हो चुकी है। उसमें प्रतापगढ़ का एक युवक भी था। प्रतापगढ़ में अब तक कोरोना की चपेट में आकर तीन लोग जान गंवा चुके हैं। इनमें दो की एसआरएन चिकित्सालय में और एक की क्वारंटीन सेंटर में मौत हुई थी। उसकी कोरोना रिपोर्ट बाद में पॉजिटिव आई थी।