क्षेत्र के सराय लाल खर्तून गांव में हफ्ते भर पहले बेरहमी से मौत के घाट उतारे गए दंपति के घर में शुक्रवार को दिनदहाड़े चोरी हो गई। भागते वक्त एक आरोपी को परिजनों ने पकड़ लिया जबकि उसके तीन साथी भाग निकले। सूचना पर पहुंची पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ में जुटी है।
आठ जून को सराय लाल खर्तून गांव निवासी हरिहर प्रसाद के पुत्र नागेन्द्र तिवारी (32) व उसकी पत्नी मनोरमा (28) की छत पर सोते वक्त ईंट-पत्थर से कूंचकर हत्या कर दी गई थी। मृतक के परिजनों ने नामजद तहरीर देकर तीन नामजद व कुछ अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। हालांकि अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। दंपति की मौत के बाद से मकान में ताला बंद है।
शुक्रवार दोपहर मकान से कुछ लोग बाहर निकलते दिखाई दिए, जिस पर लोगों को शक हुआ। सूचना पर परिजन पहुंचे तो देखा कि चार युवक पल्सर व डिस्कवर बाइक पर गेहूं की बोरियां लाद रहे थे। परिजनों को देखते ही चोर दादूपुर गांव की तरफ भागे। शिवगढ़ बाजार के पास डिस्कवर बाइक सवार एक चोर को पकड़ लिया गया जबकि, उसका साथी भाग निकला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। उसके पास से मोबाइल व प्लास बरामद हुआ। सोरांव इंस्पेक्टर ने बताया कि पकड़े गए युवक से पूछताछ की जा रही है।