प्रदेश सरकार के कार्यकाल के चार साल पूरे होने पर मंगलवार को जोरशोर से समाजवादी विकास दिवस का आयोजन किया गया। प्रयाग संगीत समिति में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं के तहत चेक एवं अन्य तोहफों का वितरण किया गया। कार्यक्रम में शामिल जनप्रतिनिधियों और अफसरों ने प्रदेश सरकार की चार साल की उपलब्धियां गिनाईं और दावा किया कि पिछली सरकारों ने प्रदेश के विकास में जो रकम खर्च की, सपा सरकार ने उससे दोगुना पैसा खर्च किया।
कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए श्रम संविदा बोर्ड के अध्यक्ष शतरुद्र प्रकाश ने कहा कि सरकार ने बजट में प्रदेश के विकास के लिए 30 फीसदी रकम का प्रावधान रखा जबकि पिछली सरकारें बजट का 14 फीसदी हिस्सा ही प्रदेश के विकास में खर्च करती थीं। उन्होंने कहा कि सीएम ने इलाहाबाद को भी कई सौगातें दी हैं। मेट्रो रेल, राज्य विश्वविद्यालय, जनवेश्वर मिश्र के नाम पर आधुनिक लाइब्रेरी सहित तमाम योजनाओं इलाहाबाद को विकास के नए मुकाम पर ले जाएंगी। इस मौके पर उन्होंने 102 एंबुलेंस सेवा, हेल्पलाइन एंबुलेंस सेवा को हरी झंडी दिखाई, 200 मजदूरों को साइकिल और 50 नि:शक्तजनों को ट्राईसाइकिल बांटी।
साथ ही कन्या विद्या धन, लोहिया आवासों के लाभार्थियों, जननी सुरक्षा, मातृत्व लाभ योजना एवं अन्य योनजाओं के तहत लाभार्थियों को चेक एवं स्वीकृति आदेश प्रदान किए। इस मौके पर ग्राम्य विकास आयुक्त कामरान रिजवी ने राज्य पोषण मिशन के तहत इलाहाबाद में दस लाख लोगों का वजन लेने को एक सराहनीय कदम बताया। इसके अलावा कमिश्नर राजन शुक्ला, डीएम संजय कुमार, सपा जिलाध्यक्ष कृष्ण मूर्ति सिंह यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष रेखा सिवंह, सपा नगर अध्यक्ष इफ्तखार हुसैन सहित तमाम वक्ताओं ने भी प्रदेश सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। कार्यक्रम में श्रम विभाग, पशुपालन विभाग, स्वास्थ्य विभाग, पुशपालन, कृषि सहित कई विभागों की ओर से प्रदर्शनी का भी आयोजन किया गया।