महिला दिवस पर नई दिल्ली से इस्लामपुर जा रही मगध एक्सप्रेस में एक रेलकर्मी की विवाहित बेटी से छेड़खानी का मामला सामने आया है। छेड़खानी का आरोपी रेलवे का टीटीई है, जो मगध एक्सप्रेस के स्लीपर कोच में तैनात था। आरोप है कि बीच रास्ते टीटीई ने युवती से छेड़खानी की। उसके चीखने पर अन्य यात्रियों ने टीटीई को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। इलाहाबाद पहुंचने पर टीटीई ट्रेन से उतरकर भाग खड़ा हुआ। युवती की मां ने आरपीएफ थाने में इसकी शिकायत की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए इलाहाबाद मंडल के सीनियर डीसीएम ने विभागीय जांच करवाने की बात कही है।
इलाहाबाद के धूमनगंज थाना क्षेत्र की पार्वती देवी (परिवर्तित नाम) अपनी बेटी शिल्पा (परिवर्तित नाम) के साथ बीती रात एक बजे शिकोहाबाद स्टेशन से मगध एक्सप्रेस में सवार हुईं। पार्वती के पास अपने स्वर्गीय पति का रेल पास था, जबकि बेटी शिल्पा ने जनरल टिकट ले रखी थी। दोनो मां बेटी जल्दबाजी में 12402 मगध एक्सप्रेस के स्लीपर कोच एस-1 में चढ़ गए। इसी बीच ट्रेन में तैनात टीटीई ने टिकट चेकिंग के दौरान दोनों को पकड़ा और अगले स्टेशन पर जनरल कोच में जाने को कहा। पार्वनी ने रेलकर्मी की पत्नी होने का हवाला दिया तो दोनों को टीटीई ने अपनी बर्थ पर बिठा लिया। आरोप है कि थोड़ी देर बाद उसने शिल्पा से छेड़खानी शुरू कर दी। शिल्पा ने शोर मचाया तो तमाम यात्री जाग गए। इसे लेकर रास्ते भर खूब हंगामा चलता रहा। कुछ यात्रियों ने टीटीई की धुनाई कर दी।
सुबह सात बजे ट्रेन इलाहाबाद पहुंची तो पार्वती और शिल्पा अपनी पांच साल की बेटी के साथ आरपीएफ थाने पहुंच गए। यहां पार्वती की ओर से लिखित शिकायत की गई। आरपीएफ प्रभारी पीके राणा ने बताया कि महिला का शिकायती पत्र उन्होंने अपने कमांडेंट को फारवर्ड कर दिया है। पीके राणा के मुताबिक युवती ने छेड़खानी की शिकायत की है।
‘जनरल टिकट पर स्लीपर कोच में युवती यात्रा कर रही थी। साथ ही उसकी मां के रेल पास की वैधता भी खत्म हो गई थी। उसी को लेकर टीटीई से दोनों मां-बेटी की बहस हुई है। अगर कहीं कोई छेड़खानी की बात है तो उसकी जांच करवाई जाएगी। हालांकि इस पूरे प्रकरण में विभागीय जांच के आदेश दे दिए गए हैं। ’
00 बीके मिश्र, सीनियर डीसीएम, इलाहाबाद मंडल।