इलाहाबाद। कल्याणी देवी मंदिर से शुक्रवार सुबह दर्शन कर लौट रही एक महिला की चेन छीनकर बदमाश पैदल ही भाग निकला। कंट्रोल रूम की सूचना पर अतरसुइया पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने महिला और आसपास के लोगों से बदमाश के हुलिया की जानकारी लेने के बाद तलाश में जुट गई। पुलिस को पूछताछ के बाद काफी क्लू मिल गया। यह भी पता चला कि लुटेरा नशे का लती है। पुलिस ने उसके घर दबिश दी। लेकिन वह नहीं मिला। एसओ को मुखबिर के जरिए पता चला कि लुटेरा पांडेय चौराहा के पास चेन बेंचने की फिराक में खड़ा है। इस पर पुलिस ने घेरेबंदी कर दबोच लिया।
अतरसुइया के लाल बहादुर हलवाई हैं। उनकी पत्नी रंगीला देवी सुबह कल्याणी देवी मंदिर दर्शन करने गई थी। मंदिर में दर्शन कर घर लौट रही थी। तभी पीछे से एक बदमाश आया और उनके गले में लटकती चेन को झपट्टा मारकर छीन लिया। बदमाश भागा तो आसपास के लोगों ने दौड़ाया। लेकिन वह गली में घुसकर पीछा कर रहे लोगों को चकमा देने में कामयाब रहा। सूचना पर एसओ अतरसुइया अशोक कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। पूछताछ के बाद पुलिस को लुटेरे के बारे सुराग मिल गया। पुलिस आरोपी की तलाश में कई जगह दबिश दी। लेकिन सफलता नहीं मिली। शाम को एसओ को जानकारी मिली की लुटेरा पांडेय चौराहा के पास मौजूद है। इस पर एसओ ने हमराहियों के साथ घेरेबंदी किया। पुलिस की घेरेबंदी देख लुटेरो भागने लगा। लेकिन सिपाहियों ने दौड़ाकर दबोच लिया। पकड़ा गया आरोपी प्रमोद सोनकर गढ़ैया कीडगंज का रहने वाला है। तलाशी में उसके पास से लूटी गई चेन बरामद हुई।
बैंक रोड चौराहे पर शुक्रवार मार्निंग वॉक पर निकली एसीएम के पत्नी की चेन छीनकर बाइक सवार बदमाश भाग निकले। सूचना पर कर्नलगंज पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी है।
एलनगंज में केपीयूसी हॉस्टल के पीछे रहने वाले रमेश शुक्ला एसीएम थर्ड हैं। उनकी पत्नी रीता शुक्ला मार्निंग वॉक पर निकली थी। बैंक रोड चौराहे के पास पीछे से एक बाइक पर दो बदमाश आए। बदमाश उनके गले में लटकती चेन छीनकर भाग निकले। रीता ने शोर मचाया। लेकिन सुबह का समय होने के चलते सड़क पर सन्नाटा था। जिसके चलते बदमाश आसानी से भाग निकले। कंट्रोल रूम की सूचना पर कर्नलगंज पुलिस पहुंची। पुलिस तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच में जुटी है।