छात्रा का कहना है कि जानबूझ कर उसका अपहरण करवाया गया।
सरायइनायत के रिठैया गांव का सब्जी विक्रेता मुन्ना सोनकर (45) चक छतनाग स्थित किराए के कमरे से मंगलवार रात से लापता है। वह यहां पांचवीं बीवी तारा देवी और उसके दो बेटों के साथ रहता है। मंगलवार रात हुए झगड़े के बाद सुबह मुन्ना नजर नहीं आया तो मकान मालकिन ऊषा देवी को शक हुआ। तारा को कमरे में बंदकर सब्जी विक्रेता के लापता होने की सूचना झूंसी पुलिस को दी। पुलिस ने तारा देवी को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने बताया कि झगड़े के बाद चाकू से गोदकर कत्ल कर दिया और शव बोरे में भरकर बेटे ठिकाने लगाने गए हैं। यह सुनकर पुलिस सन्न रह गई। हालांकि पुलिस देररात मुन्ना का शव बरामद नहीं कर पाई थी।
सरायइनायत में रिठैंया के रहने वाले सब्जी विक्रेता मुन्ना सोनकर ने आठ माह पहले तारा देवी के साथ पांचवी शादी की। शादी के बाद मुन्ना तारा देवी के 20 और 14 वर्षीय दो बेटों के साथ चक छतनाग में ऊषा देवी के यहां पर किराए पर कमरा लेकर रहने लगा। वह छतनाग में सब्जी का ठेला लगाता था। अक्सर मुन्ना का तारा और उसके दोनों बेटों से झगड़ा होता रहता था। मंगलवार रात भी तारा और उसके बेटों का मुन्ना से जमकर झगड़ा हुआ। मुन्ना रोजाना सब्जी खरीदने बाहर निकलता था लेकिन बुधवार सुबह दस बजे तक नहीं निकला तो मकान मालकिन ऊषा को शक हुआ। तारा को कमरे में बंदकर झूंसी पुलिस को सूचना दी। पुलिस तारा को उठाकर थाने ले गई। तारा ने बताया कि रात में मुन्ना से झगड़ा हुआ। वह बेटे को चाकू लेकर मारने दौड़ा था। किसी तरह चाकू छीना गया।
तारा ने पुलिस को बयान दिया कि इसके बाद बेटों के साथ मिलकर मुन्ना का चाकू से गोदकर कत्ल कर दिया। दोनों बेटे शव को बोरे में भरकर बाइक से ठिकाने लगाने ले गए हैं। तब से नहीं लौटे हैं। पुलिस ने तारा के मायके मऊआइमा में दबिश दी। वहां उसकी बूढ़ी मां मिली। इसके अलावा तारा के होलागढ़, बैरहना, सरायइनायत, नैनी इलाके में स्थित रिश्तेदारों के घर दबिश दी गई लेकिन झूंसी पुलिस को मुन्ना का कोई सुराग नहीं मिला। पुलिस ने तारा के पहले पति के घर दबिश दी। वह भी घर पर नहीं मिला। पुलिस ने नैनी से मुन्ना के दो अन्य बेटों को भी हिरासत में लेकर इस मामले की गुत्थी सुलझाने में लगी है।
पांचवीं पत्नी तारा देवी ने सब्जी विक्रेता के कत्ल की बात स्वीकार किया है लेकिन अभी तक शव बरामद नहीं हुआ है। ऐसे में कुछ कहना मुश्किल है। वह हर बार अलग-अलग बयान दे रही है। पुलिस की दो टीमे फरार बेटों की तलाश में लगी हैं। कॉल डिटेल खंगाला जा रहा है। जिससे मामले की गुत्थी सुलझ सकती है।--- राजेश श्रीवास्तव एसपी गंगापार।