कीडगंज में नए यमुना पुल के पास शनिवार की रात माघ मेला ड्यूटी पर आईं दो महिला सिपाहियों को एक कार ने जोरदार टक्कर मार दी। दोनों गंभीर से घायल हो गईं। एक को लखनऊ पीजीआई भेजा गया, जहां रविवार देर शाम उनकी मौत हो गई। दूसरी का पार्वती हास्पिटल में उपचार चल रहा है।
होलागढ़ थाने में तैनात आरती यादव मूल रूप से कानपुर के बिठूर की रहने वालीं थीं। माघमेला ड्यूटी के दौरान शनिवार की रात करीब दस बजे साथी सिपाही पूजा गौतम के साथ बाइक से जा रही थीं। उसी समय तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों घायल हो गईं। पुलिस दोनों को एसआरएन हॉस्पिटल ले गई। गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने आरती को पीजीआई लखनऊ के लिए रेफर कर दिया, जबकि पूजा गौतम को पार्वती हास्पिटल में भर्ती कराया गया। पीजीआई में इलाज के दौरान आरती की रविवार देर शाम मौत हो गई। उनकी मौत की सूचना पर होलागढ़ थाने में मातम छा गया। एसओ कीडगंज ने बताया कि कार चालक जीतेंद्र तिवारी निवासी रीवा को गिरफ्तार कर लिया गया है। गाड़ी भी सीज कर दी गई है।