गंगापार के सोरांव इलाके में शनिवार दोपहर चाय की दुकान पर एक व्यक्ति ने झड़प के बाद नशे में धुत ट्रक चालक वीरेंद्र मौर्या उर्फ भोला की जमकर पिटाई कर दी, जिससे उसका दम निकल गया। भीड़ ने घेरा तो हमलावर फरार हो गया। उसकी तलाश हो रही है।
सराय गोपाल से सटे भदरी गांव में रहने वाले मोहनलाल का निधन हो चुका है। उनके पांच पुत्रों में तीसरे नंबर का वीरेंद्र मौर्या उर्फ भोला (45) ट्रक ड्राइवर था। उसकी पत्नी सगरही कई साल से नैनी के रामसागर गांव स्थित अपने मायके में है। भोला का एक पुत्र है गोपाल। वह भी ट्रक चलाता है। दो बेटियां हैं, जिनका वह ब्याह कर चुका था। भोला के बारे में बताया गया कि वह शराब का लती था। इसी वजह से पत्नी ने उससे दूरी बना ली थी। ऐसे में भोला अपनी मां रामदेई के साथ रहता था।
उसका पुत्र गोपाल दो दिन पहले ट्रक लेकर चला गया था। शनिवार दिन में करीब ग्यारह बजे भोला शराब के नशे में टहलता हुआ गांव के बाहर इलाहाबाद-प्रतापगढ़ मार्ग स्थित चाय की दुकान पर पहुंचा और बेंच पर बैठ गया। वहां राजू विश्वकर्मा पहले से मौजूद था। राजू ने उसे शराबी बोलकर हटने को कहा तो उनके बीच कहासुनी होने लगी। फिर नौबत ऐसी आ गई कि राजू ने तैश में आकर भोला पर हमला बोल दिया। उसे कई घूंसे मारे। एक घूंसा भोला के सीने पर लगा। वह लहराकर गिरा तो फिर उठ नहीं सका। आसपास मौजूद लोग जुटे तो राजू भाग गया। भोला की सांस थम चुकी थी। भोला की मां रामदई समेत गांव और रिश्ते की महिलाएं आकर रोने-कलपने लगीं। खबर पाकर पुलिस पहुंची और शव को सीलकर पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया। शाम को पुत्र गोपाल घर लौटा तो उसने थाने में जाकर तहरीर दी।