हंडिया इलाके के आसेपुर गांव में सोमवार सुबह घर से दूर रेलवे ट्रैक पर घायल मिली युवती ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। खबर पाकर मिर्जापुर से आए मायकेवालों ने आरोप लगाया कि उसे कुल्हाड़ी से मारने के बाद ट्रैक पर फेंक दिया गया था। पुलिस ने सास और ससुर को पकड़ लिया है। पति फरार है। पुलिस ने कहा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और ठोस सुबूत मिलने पर आरोपियों को जेल भेजा जाएगा।
आसेपुर गांव निवासी मौजीलाल का ब्याह पांच साल पहले मिर्जापुर में कछवा इलाके में सेमरी गांव निवासी आरती से किया गया था। उनका चार साल का बेटा है आर्यन। सोमवार सुबह आरती घर से कुछ दूर से गुजरी रेलवे लाइन पर गंभीर घायल पड़ी मिली। उसे शहर में एसआरएन अस्पताल लाया गया जहां इलाज के दौरान आरती ने दम तोड़ दिया। आरती की मौत की खबर पाकर मिर्जापुर के कछवा से मायके वाले भी आ गए।
उन्होंने इसे कत्ल करार दिया। चचेरे भाई इंद्रजीत भारतीय ने पुलिस से कहा कि आरती को घर में कुल्हाड़ी से मारने के बाद ले जाकर रेलवे ट्रैक पर डाला गया था। उसने आरोप लगाया कि 50 हजार रुपये की डिमांड नहीं पूरी होने की वजह से आरती को मारकर हादसे का रूप दिया जा रहा है। पुलिस ने आरती के ससुर भाईलाल और सास धनेसरी को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया। पति फरार है। दो ननदों पर भी हत्या का आरोप लगाया गया है।