बार-बार फर्जी बम रखकर पुलिस के लिए सिरदर्द बने सिरफिरे शख्स ने फिर वही कारगुजारी कर सनसनी फैला दी। बृहस्पतिवार भोर में मेजा रोड रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म पर बम जैसी वस्तु रखी देख लोगों ने शोर मचाया तो रेलवे और जिला पुलिस के साथ कई अफसर भी वहां पहुंच गए। प्लेटफार्म खाली करा लिया गया। ट्रेनों का आवागमन भी रोक दिया गया। रेलवे कॉलोनी खाली हो गई। शहर से बम डिस्पोजल टीम बुलाकर उस संदिग्ध बम को दूर ले जाकर खोलने पर पता चला कि यह उसी सिरफिरे की करतूत है। पहले की तरह तार समेत कुछ चीजों को लपेटकर टेप से बांधा गया था और उसके भीतर एक पत्र था जिसमें नैनी की कंपनी से दो करोड़ रुपये दिलाने की मांग की गई थी।
बृहस्पतिवार भोर में करीब साढे़ पांच बजे मेजा रोड रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर तीन के फुट ओवरब्रिज के नीचे किसी यात्री ने लाल-पीली वस्तु रखी दिखी। तार लिपटा होने से वह उसे बम समझ घबरा गया। उसने शोर मचाया तो और भी यात्री आ गए। बम समझ वे शोर मचाते वहां से भागे। रेलवे पुलिस के सिपाहियों ने देखा तो कंट्रोल रूम और अफसरों को सूचना दी। कुछ ही देर में एसडीएम मेजा आशीष मिश्रा, सीओ जीतेंद्र दुबे, मेजा थानाध्यक्ष तारकेश्वर राय भी पुलिस बल के साथ आ गए। शहर से एसपी रेलवे केपी सिंह भी जीआरपी थाना प्रभारी मनोज सिंह के साथ पहुंच गए। संदिग्ध वस्तु बम जैसी दिख रही थी इसलिए इतनी देर में प्लेटफार्म खाली करा दिया गया।
सुबह 5.50 बजे ही दिल्ली-हावड़ा रूट पर मेजा स्टेशन के दोनों तरफ ट्रेनों की आवाजाही भी रोक दी गई। रेलवे कॉलोनी के लोग खुद ही घबराकर घरों से निकल गए। करीब सवा सात बजे शहर से बीडीएस (बम डिस्पोजल स्कवॉयड) भी प्लेटफार्म पर पहुंच गया। विस्फोट निरोधी जैकेट और दस्ताने पहने जवानों ने संदिग्ध बम को विशेष उपकरण से उठाया और आधा किलोमीटर दूर खेत में ले जाकर जांच की। पता चला कि सरकंडे की आठ टहनियों में काला पेंटकर उन्हें लाल टेप से जोड़ा गया था। मोबाइल के चार्जर और कंडेंसर भी लगाए ताकि लोगों को लगे कि बम है। न बारूद था न कुछ और।
यानी सिर्फ बम के नाम पर दहशत फैलाने की कोशिश। उसके भीतर एक पन्ने में अंग्रेजी के अक्षरों में नैनी की फैक्ट्री से दो करोड़ रुपये दिलाने वरना असली बम रखने की धमकी लिखी थी। एसपी रेलवे केपी सिंह के मुताबिक, यह करतूत उसी व्यक्ति की होने की आशंका है जो पहले भी कई बार फर्जी बम के साथ पत्र रख चुका है। बम की जांच के बाद आठ बजकर 20 मिनट पर दिल्ली-हावड़ा रूट पर ट्रेनों का आवागमन शुरू किया गया। नैनी जीआरपी ने केस दर्ज किया है।
मेजा रोड रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म पर फर्जी बम रखने वाले सिरफिरे व्यक्ति ने बम के साथ रखी चिट्ठी में लिखा है-अल्सटाम फैक्ट्री नैनी से दो करोड़ रुपये चाहिए। रेलवे मिनिस्टर का हिसाब भरपाई। 48 घंटे में फिर से स्टेटमेंट निकले पेपर में पैसे देने के लिए। दम है तो पैसे दो और पकड़। अगली बार नकली नहीं असली। धमकी लगे या मजाक जो समझना है समझ लो। पर कुछ हुआ तो जिम्मेदारी तुम्हारी।