कोतवाली थाना क्षेत्र के बादशाही मंडी में शनिवार रात घर में घुसकर युवक को गोली मार दी गई। घरवाले घायल हालत में युवक को लेकर एसआरएन अस्पताल पहुंचे जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिवारवालों ने आरोप लगाया कि जमीन विवाद में घटना को फुफेरे भाई ने अंजाम दिया। हालांकि मृतक के कमरे से ही तमंचा बरामद होने केे बाद पुलिस मामले को संदिग्ध बता रही है।
बादशाही मंडी में रहने वाले दिनेश पांडेय कचहरी मेें मुंशी हैं। उनके चार बच्चों में दो बेटे व दो बेटियां हैं। बड़ा बेटा शनि(27) साल का था। छोटे भाई आनंद ने बताया कि शनिवार रात नौ बजे के करीब उसके पिता घर पर नहीं थे। वह भी बाहर किसी काम से गया था। घर में शनि के अलावा मां व दो बहनें थीं। आनंद का आरोप है कि इसी दौरान वहां पड़ोस में ही रहने वाला फुफेरा भाई पहुंचा। कोई कुछ समझ पाता, इससे पहले ही उसने असलहा निकालकर शनि पर गोली दाग दी। सीने में गोली लगते ही शनि लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। उधर गोली चलने पर मां और बहनें चीखीं लेकिन तब तक हमलावर भाग निकला। आनंद के मुताबिक, सूचना मिलने पर वह और उसके पिता दिनेश भागकर घर पहुंचे तो शनि जमीन पर पड़ा तड़प रहा था। आननफानन में लेकर उसे घरवाले एसआरएन अस्पताल पहुंचे जहां इलाज के दौरान देर रात उसकी मौत हो गई। इस पर परिजनों में कोहराम मच गया। कोतवाली इंस्पेक्टर रविंद्र सिंह यादव और सीओ शिवराज भी पहुंच गए। दोनों अफसरों ने पिता और छोटे भाई आनंद से पूछताछ की। उधर घटना की जानकारी पर एसएसपी नितिन तिवारी पहले अस्पताल और फिर घटनास्थल पर पहुंचे।
अस्पताल में पूछताछ के दौरान आनंद ने बताया कि उसके परिवार का पड़ोस में रहने वाली बुआ के परिवार से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। इस बात को लेकर फुफेरे भाई उनसे खुन्नस रखते थे। कई बार बातचीत हुई लेकिन कोई समाधान नहीं निकल सका। शनिवार को सुबह भी दोनों पक्षों में इस बात को लेकर नोकझोंक हुई थी। तब दूसरे पक्ष की ओर से ही 100 नंबर पर सूचना देकर पुलिस को बुला लिया गया था। साथ ही दिनेश के परिवार पर जमीन कब्जाने का झूठा आरोप लगाया गया था। मौके पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों को समझाकर लौट गई थी। हालांकि फुफेरे भाई के मन में कुछ और ही चल रहा था। रात को उसने वारदात को अंजाम दे डाला।
पुलिस ने बताया कि जांच पड़ताल के दौरान कई ऐसी बातें सामने आईं जो घटना को संदिग्ध बना रही हैं। दरअसल मृतक के परिवारवालों का कहना है कि शनि को गोली पहले तल पर स्थित उसके कमरे तक जाने वालीं सीढ़ियों पर मारी गई। हालांकि जब पड़ताल की गई तो पहली से लेकर अंतिम सीढ़ी तक खून के निशान मिले। इसके अलावा शनि के कमरे में बिस्तर पर ही तमंचा मिला। इसमें कारतूस का खोखा भी बरामद हुआ। घरवालों के कहने के मुताबिक अगर शनि को गोली सीढ़ी पर मारी गई तो आखिर तमंचा कैसे उसके कमरे तक पहुंचा।
कोतवाली पुलिस का कहना है कि घर के बाहर ही स्थित एक दुकान पर सीसीटीवी कैमरा लगा था। इसकी फुटेज खंगाली गई लेकिन इसमें हमलावर नजर नहीं आया। पुलिस का कहना है कि आसपास के लोगों ने भी फिलहाल किसी को घर में जाते व वहां से निकलते नहीं देखा है। फिलहाल घरवालों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।
मृतक घर के पहले तल पर बने कमरे में रहता था जहां जांच पड़ताल के दौरान बिस्तर पर ही तमंचा मिला है। घरवाले रिश्तेदार पर आरोप लगा रहे हैं। जांच-पड़ताल की जा रही है।
नितिन तिवारी, एसएसपी