सिविलि लाइंस में शनिवार दोपहर जब दरोगा भर्ती परीक्षा में धांधली से नाराज अभ्यर्थियों ने जुलूस निकाला तो टाइगर यानी एसपी सिटी राजेश यादव दफ्तर में बैठे थे। उन्हें करीब पौने एक बजे खबर मिली कि गुस्साए अभ्यर्थियों का जुलूस सिविल लाइंस में हनुमान मंदिर चौराहे तक पहुंच गया है, और अभ्यर्थी उत्पात कर रहे हैं। फिर फूलपुर के विधायक सईद अहमद ने फोनकर एसपी सिटी को बताया कि उनके घर पर पथराव किया गया है।
यह खबर मिलते ही एसपी सिटी वायरलेस सेट पर ‘चार्ली टाइगर’ बोल सक्रिय हो गए। उन्होंने फौरन कीडगंज और मुट्ठीगंज थाने की पुलिस और सिविल लाइंस थाने की पूरी फोर्स को जुलूस की घेराबंदी के लिए कहा। फिर बवाल बढ़ने की जानकारी मिलने पर उन्होने कई और थानों की फोर्स के साथ सीओ को भी वहां रवाना कराया। पीएसी और हाईकोर्ट पर मुस्तैद रैपिड एक्शन फोर्स को भी जुलूस को काबू में करने के लिए भेज दिया। कुछ ही मिनटों बाद खबर मिली कि अभ्यर्थियों की भीड़ बेकाबू हो रही है तो टाइगर खुद पुलिस बल के साथ वहां रवाना हो गए।