आतंकी बनने से इंकार करने पर छात्र रवि पाल की हत्या के मामले में शुक्रवार को झूंसी पुलिस के साथ कई जांच एजेंसियों ने आरोपी शिक्षक इराफ उर्फ गुड्डू से घंटों पूछताछ कर उसकी गतिविधियों के बारे में भी पड़ताल शुरू कर दी। झूंसी पुलिस की हिरासत में जांच एजेंसियों ने शिक्षक से कई शिफ्ट में उसके आतंकी संगठन आईएस से जुड़ाव के बारे में तमाम सवाल किए। बेटे की मौत से आहत पिता शुक्रवार को भी अपनी बात पर अड़े रहे। कहा, इराफ उसके बेटे को आतंकी बनाना चाह रहा था। उसके इनकार करने पर उसकी हत्या की गई है। अमर उजाला के 25 मार्च के अंक में आतंकी बनने से इंकार किया तो छात्र की हत्या शीर्षक से खबर प्रकाशित होने के बाद जांच एजेंसियों में हड़कंप मच गया गया है और वह सक्रिय हो गईं हैं। लेकिन वे इस बारे में पूरी गोपनीयता बरत रही हैं।
झूंसी पुलिस शुक्रवार सुबह मृत छात्र रवि पाल के घर पहुंची और उसके पिता बब्बू पाल से लगभग दो घंटे तक विभिन्न बिंदुओं पर गहनता से पूछताछ की। पुलिस के सामने छात्र के पिता बब्बू ने फिर अपना बयान दोहराया। बब्बू ने पुलिस को बताया कि शिक्षक इराफ अक्सर उसके बेटे को विदेश भेजकर आतंकी संगठन में शामिल कराने का दबाव बनाता था।
यह बात उसने घरवालों के साथ अपने कई दोस्तों को भी बताई थी। आरोप लगाया कि शिक्षक का आईएस से कनेक्शन है। वह अकेले इस आतंकी संगठन से जुड़ा नहीं है बल्कि उसका एक करीबी रिश्तेदार भी इसमें शामिल है। इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के सामने भी बब्बू पाल ने यह बात दोहराई। जिसके बाद जांच एजेंसियां और झूंसी पुलिस शिक्षक के आईएस कनेक्शन को खंगालने में जुटी हैं। इंस्पेक्टर झूंसी पीएन मिश्र का कहना है कि सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। शिक्षक से पूछताछ के बाद जो बात सामने आई है, उसकी गहनता छानबीन की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।
छात्र रवि पाल की हत्या के मामले में अब तक जितने भी बिंदु सामने आए हैं। उनकी गहनता से छानबीन की जा रही है। अभी यह कहना मुश्किल है कि छात्र की हत्या के पीछे असल वजह क्या है। पुलिस को कुछ सुराग मिले हैं। जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।
राजेश श्रीवास्तव, एसपी गंगापार