चर्चलेन स्थित एक प्रतिष्ठित कॉन्वेंट स्कूल में सातवीं कक्षा में पढ़ने वाले छात्र को शिक्षक द्वारा पीटे जाने का मामला सामने आया है। इस मामले में छात्र के पिता ने बुधवार को स्कूल प्रबंधन से शिकायत की। प्रबंधन ने इस मामले में शिक्षक के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
चर्चलेन स्थित स्कूल में छात्र प्रखर अग्रहरि सातवीं कक्षा में पढ़ते हैं। उनके पिता नितिन गुप्ता के मुताबिक बुधवार को वे प्रखर को स्कूल लेकर निकलते तो उसने घटना के बारे में बताया। नितिन वापस स्कूल पहुंचे लेकिन हेड मास्टर समेत शिक्षक नहीं मिले।
इसके बाद उन्होंने हेड मास्टर और प्रशासन से फोन पर संपर्क कर क्लास टीचर विशाल भाटिया पर प्रखर को पीटने का आरोप लगाया। उन्होंने बताया कि शिक्षक ने प्रखर को क्लास में खड़ा किया और बाल बड़े होने के नाम पर पिटाई कर दी, जिससे उसके चेहरे में पर चोट आई और तबियत भी खराब हो गई, जबकि प्रखर का दो दिन पहले ही बाल कटवाया है। नितिन के मुताबिक प्रशासक ने उन्हें बृहस्पतिवार को स्कूल बुलाया है और शिक्षक के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।