अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के बैनर तले छात्रों ने शनिवार को चीफ प्रॉक्टर प्रो. राम सेवक दुबे के आवास के बाहर दो घंटे तक मौन प्रदर्शन किया। विश्वविद्यालय में एक ही दिन में क्लास के भीतर छात्र को गोली मारे जाने और शोध छात्र की आत्महत्या के लिए छात्रों ने चीफ प्रॉक्टर को जिम्मेदार ठहराते हुए उनके इस्तीफे की मांग की। हालांकि इस घटना के बाद शाम को उन्होंने कुलपति कार्यालय में अपना इस्तीफा सौंप दिया, जो अभी मंजूर नहीं हुआ है। छात्रों ने इन घटनाओं के लिए कुलपति को भी जिम्मेदार ठहराया है और उनक इस्तीफा भी मांगा है। वहीं, चीफ प्रॉक्टर ने प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे एबीवीपी के राष्ट्रीय मंत्री रोहित मिश्र और अन्य छात्रों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के लिए कर्नलगंज थाने में तहरीर दी है।
हालांकि इससे पहले यूइंग क्रिश्यिचन कॉलेज में एक कार्यक्रम के दौरान छात्रों की ओर से कुलपति से अभद्रता किए जाने पर चीफ प्रॉक्टर ने पद से इस्तीफा दिया था लेकिन कुलपति ने उनका इस्तीफा मंजूर नहीं किया। प्रॉक्टर ने दूसरी बार इस्तीफा दिया है। चीफ प्रॉक्टर का कहना है कि विश्वविद्यालय में परीक्षाएं चल रही हैं, सो शनिवार को वह अपने कार्यालय में थे। आवास में मौजूद न होने के बावजूद छात्रों ने वहां पहुंचकर हंगामा किया और उनके परिवार को आतंकित किया। वहीं, प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे एबीवीपी के राष्ट्रीय मंत्री रोहित मिश्र का कहना है कि छात्र प्रॉक्टर आवास के बाहर मौन प्रदर्शन कर रहे थे। वहां सीओ कर्नलगंज और इंस्पेक्टर मौजूद थे। छात्रों ने किसी तरह का हंगामा नहीं किया।
विश्वविद्यालय में परीक्षाओं के कारण प्रदर्शन नहीं किया गया। छात्र सिर्फ यही मांग रहे थे कि विश्वविद्यालय में हो ही आपराधिक घटनाओं के लिए चीफ प्रॉक्टर नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए पद से अपना इस्तीफा दें। उधर, चीफ प्रॉक्टर ने कर्लनगंज थाने में तहरीर देकर कहा है कि प्रदर्शन में रोहित मिश्र और अनुभव उपाध्याय को आपराधिक कृत्यों के कारण विश्वविद्यालय से पांच वर्षों के लिए निष्कासित किया जा चुका है। आवास में पत्नी, बेटे, बहू और छोटे बच्चे रहे हैं। परिवार को आतंकित किया गया। चीफ प्रॉक्टर ने रोहित, अनुभव, छात्रसंघ महामंत्री निर्भय द्विवेदी और बीए तृतीय वर्ष के छात्र नवीन मिश्र समेत 40 से 45 छात्रों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के लिए कर्नलगंज थाने में तहरीर दी है और परिवार के लिए सुरक्षा मांगी है।
चीफ प्रॉक्टर प्रो. रामसेवक दुबे ने पुलिस को तहरीर में यह आरोप भी लगाया कि इविवि के पूर्व छात्र मदन लाल ने फेसबुक पर चीफ प्रॉक्टर का सिर काटकर लाने वाले को पचास हजार रुपये नगद इनाम घोषित करने की सूचना को पोस्ट किया है। चीफ प्रॉक्टर का कहना है कि इससे उनकी एवं उनके परिवार के सदस्यों की जान को खतरा है। ऐसी परिस्थितियों में वह अपने दायित्वों का समुचित निर्वहन नहीं कर सकते हैं और इसी वजह से इस्तीफा दे रहे हैं।