मांडा (ब्यूरो)। यमुनापार में मांडा इलाके के भवानीपुर गांव में आपसी झगड़े के बाद महिला ने आग लगाकर आत्महत्या कर ली। उसे बचाने की कोशिश में पति भी झुलस गया, जिसे अस्पताल में भती किया गया है। मायकेवालों ने पुलिस से कोई शिकायत नहीं की है।
भवानीपुर गांव निवासी विष्णुधर मिश्र उर्फ पिंटू का ब्याह ऊंचडीह गांव के राजनारायण की बेटी प्रभा (30 ) से किया गया था। उनके तीन बच्चे हुए। दो बेटे और एक बेटी। मंगलवार रात प्रभा और पिंटू के बीच किसी बात पर कहासुनी हो गई। झगड़े के बाद तैश में आकर प्रभा ने शरीर पर मिट्टी का तेल डालकर आग लगा ली। उसे बचाने की कोशिश में पिंटू भी गंभीर रूप से झुलस गया। प्रभा की जलकर मौत हो गई।
चीख-पुकार सुनकर वहां पड़ोसी जुट गए। पिंटू को एक अस्पताल में भर्ती किया गया। आग फैलने से पेट्रोमैक्स का सिलेंडर जलकर फट गया, जिससे पूरा कमरा और उसमें रखा सामान जल गए। खबर पाकर ऊंचडीह से प्रभा के मायकेवाले भी आ गए। हालांकि उन्होंनेे बेटी की मौत के लिए किसी पर कोई इल्जाम नहीं लगाया।