शनिवार सुबह लखनऊ हाईवे पर अंधियारी गांव के सामने स्कूली वैन फिल्मी स्टाइल मे धू-धू कर राख हो गई। हादसे से हाईवे पर वाहनों के पहिए थम से गए। चालक ने वैन से कूदकर अपनी जान बचाई। गनीमत थी कि दुर्घटना के पहले ही वैन से बच्चों को दूसरी गाड़ी में शिफ्ट किया जा चुका था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पड़ताल शुरू किया है।
बताया जाता है कि नवाबगंज इलाके में स्थित एक सीबीएसई स्कूल की वैन बच्चों को घर से लेकर स्कूल रवाना हुई थी। लखनऊ हाईवे पर अंधियारी गांव के सामने वैन में खराबी आने के बाद दूसरी गाड़ी से बच्चों को स्कूल लेे जाया गया। बताया जाता है कि उसके बाद चालक ने वाहन की तकनीकी खराबी दूर करने का प्रयास किया, तभी शार्ट सर्किट से वैन में आग लग गई। इससे हाईवे पर हड़कंप मचा गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक चालक ने आननफानन वैन से छलांग लगाकर जान बचाई। थोड़ी देर में मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। आग पर काबू पाने से पहले ही वह राख में तब्दील हो चुकी थी। खबर पाकर चौकी प्रभारी अविनाश कुमार भारी फोर्स के साथ आ गए। फिलहाल पुलिस वैन को लावारिस मानकर चल रही है, क्योंकि किसी ने इस बाबत तहरीर नहीं दिया है। उधर हादसे के बाद अभिभावकों की जान अटक गई। स्कूल प्रबंधन से नौनिहालों के बारे में जानकारी हासिल करने को हर कोई फिक्रमंद रहा।