कैंट के नेवादा में राजापुर के पास मंगलवार को अराजकतत्वों ने पहले तो एक युवक को रास्ते में रोककर पीटा और बाइक तोड़ डाली फिर विरोध करने गए उसके चचेरे भाइयों को भी कट्टा, चापड़, लाठी-डंडे से मारापीटा। तीन भाइयों के सिर फट गए। वे लहूलुहान हो गए। उनका आरोप है कि हमलावरों ने फायरिंग भी की। पुलिस ने घायलों को बेली अस्पताल भेजा, फिर उनसे तहरीर लेकर नामजद केस लिखा। आरोप है कि हमलावर एक भाजपा नेता के करीबी हैं। दबाव पर पुलिस ने दूसरे पत्र से भी हमले और डकैती का मुकदमा लिखा है। पुलिस का कहना है कि दोनों केस की जांच के बाद ही कार्रवाई की जाएगी।
हेस्टिंग्स रोड नेवादा निवासी प्रमोद कुमार भारतीय ने पुलिस को बताया कि मंगलवार शाम करीब साढ़े पांच बजे उसका चचेरा भाई चुलबुल बाइक पर घर से निकला था तभी उसे अजेश सोनकर ने रोका और पीटने के बाद उसकी बाइक भी तोड़ डाली। पता चला तो दोनों तरफ के लोग भिड़ गए। प्रमोद काआरोप है कि वह भाइयों के साथ विरोध करने गया तो उन लोगों को भी चापड़, लाठी, कट्टे की मुठिया से पीटा गया। प्रमोद, विकास, अरविंद का सिर फट गया।
फायरिंग का भी आरोप है। प्रमोद की तहरीर पर अजेश सोनकर, सत्ते सोनकर, सत्ते सोनकर, सत्ते के पुत्र रोमी सोनकर, कल्लू, सनी सोनकर और कई अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। उधर, रोमी सोनकर ने भी प्रमोद भारतीय, सोनी, डीके भारतयी, आशीष, श्यामबाबू समेत छह लोगों पर लाठी, डंडे, चापड़ से घातक हमला कर घायल करने तथा सोने की चेन लूटने का आरोप लगाया है। कैंट इंस्पेक्टर राकेश अवस्थी ने बताया कि घटना में दोनों तरफ के कई लोग घायल हुए जिन्हें बेली अस्पताल ले जाकर इलाज कराया गया। बताया गया कि सोनकर पक्ष एक भाजपा नेता का बेहद करीबी है इसलिए दबाव में कैंट थाने में क्रास एफआईआर लिखी गई है।