शहर के मलाकराज इलाके में मंगलवार की सुबह एक युवक का शव मिला तो हड़कंप मच गया। पता चला कि वह पत्नी और बच्ची को लेने ससुराल आया था। युवक के परिजनों ने ससुरालियों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में कुछ भी संदिग्ध नहीं निकला। ऐसा लग रहा है कि उसने आत्महत्या कर ली।
जोगपुर कौशांबी का रहने वाला कुलदीप त्रिपाठी (35) मुंबई में रहकर प्राइवेट नौकरी करता था। उसकी शादी कीडगंज के मलाकराज मुहल्ले की आरती से हुई थी। दोनों को एक बेटी सोनम भी है। आरती और सोनम भी मुंबई में ही रहती थीं। कुछ दिन पहले किसी बात को लेकर कुलदीप और आरती में झगड़ा हो गया। आरती, कुलदीप से बिना बताए सोनम को लेकर इलाहाबाद चली आई। कुलदीप उसे वापस ले जाने के लिए हफ्ते भर पहले ससुराल पहुंचा था। तब से वह ससुराल में ही था। मंगलवार की सुबह कुलदीप के पिता पुष्पदेव त्रिपाठी को पुलिस ने फोन किया कि कुलदीप का शव मलाकराज में रेलवे ट्रैक पर पड़ा है।
पुष्पदेव परिवार के अन्य लोगों के साथ भागते हुए घटनास्थल पहुंचे। कुलदीप के दादा ने आरोप लगाया कि उन्हें सोमवार की रात आरती के घर वालों ने फोन किया था कि कुलदीप को यहां से ले जाएं नहीं तो हाथ पैर तोड़ दिया जाएगा। उन लोगों ने ही कुलदीप की हत्या कर शव फेंक दिया। जार्जटाउन पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इंस्पेक्टर जार्जटाउन ने बताया कि घर वालों ने आरोप भले ही लगाया था लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में किसी भी एंटी मार्टम इंजरी का जिक्र नहीं है। आशंका है कि आरती की विदाई न होने से नाराज कुलदीप ने आत्महत्या कर ली हो। उसकी मौत कैसे हुई इसकी जांच की जा रही है।