दो प्राथमिकी की जांच अलग-अलग की जाएगी
पुलिस ने डाकघर के अभिलेखों की जांच की तो सामने आया कि 2020 से 2024 के बीच 25 से 29 लाख तक का घोटाला हुआ है। नरेश वर्तमान में गंगाघाट में कार्यरत है। पुलिस के मुताबिक उसे भी हिरासत में लिया गया है। पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल ने बताया कि अब दोनों का आमना–सामना कराया जाएगा। सीपी ने बताया कि फिलहाल मामले में दर्ज दो प्राथमिकी की जांच अलग-अलग की जाएगी। बाबू नरेश से शैलेंद्र की मिलीभगत सामने आई है।
यह था पूरा प्रकरण
घाटमपुर उप डाक घर में हुए घोटाले में पुलिस ने दो एफआईआर दर्ज की है। 21 लोगों की तहरीर पर डाक विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों, एजेंट समेत छह लोगों के खिलाफ पहली प्राथमिकी दर्ज की गई थी। कानपुर डाक घर अधीक्षक रवि की तहरीर पर क्लर्क शिवम सचान और उप डाक पाल राकेश मिश्रा के खिलाफ दूसरी प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी।
मंगलवार को पुलिस ने आरोपी शैलेंद्र को पकड़ा
रवि कुमार ने बताया था कि घाटमपुर निवासी आकांक्षा चौरसिया ने शिकायत देकर पिता के खाते से चार लाख 15 हजार रुपये, दो लाख 98 हजार रुपये गायब होने का आरोप लगाया था। जांच में तत्कालीन डाक सहायक शिवम सचान निवासी बिजौली थाना चांदपुर, फतेहपुर व उप डाकपाल राकेश कुमार मिश्रा निवासी कृष्ण विहार नौबस्ता को दोषी मानते हुए निलंबित कर दिया गया था। पुलिस में दोनों को कस्बे की पोस्ट ऑफिस गली से 15 नवंबर को गिरफ्तार कर लिया था। एजेंट शैलेंद्र पांडेय की तलाश में पुलिस की पांच टीमें दबिश दे रही थीं। मंगलवार को पुलिस ने आरोपी शैलेंद्र को पकड़ा है।
मृतकों के खातों से पार कर देते थे पैसा
पुलिस की जांच में सामने आया कि बाबू नरेश को डाकघर में विड्राल और अप्रूवल की अथाॅरिटी मिली हुई थी। उसने मृतकों के खातों से थोड़ा–थोड़ा करके पैसा निकालने की योजना तैयार की थी। कई मृतकों के खातों से रकम भी पार की थी। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक आकांक्षा चौरसिया के पिता के खाते में तकरीबन सात लाख रुपये जमा थे। माता–पिता की मौत के बाद डाकघर बाबुओं ने उनके खाते से चार लाख से अधिक रकम पार कर दी थी। इसके साथ ही आरोपी ज्यादा समय से एक्टिव न हुए खातों को भी अपना निशाना बनाते थे। आरोपियों ने कितने खातों से रकम निकाली, इसका अभी खुलासा नहीं हो सका है।