यमुनापार के घूरपुर इलाके में गुरुवार दोपहर घर के बाहर खेल रहे तीन साल के मासूम की डंपर से कुचलकर मौत हो गई। घरवालों की आंखों के सामने बच्चे को कुचलने के बाद चालक डंपर लेकर भागा तो शोर गुल सुनकर ग्रामीणों ने खदेड़ लिया। चालक को पकड़कर ग्रामीणों ने लात-घूंसों से जमकर धुनाई के बाद पुलिस को सौंप दिया। दुर्घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने हंगामा किया। किसी तरह घूरपुर पुलिस ने समझा-बुझाकर शांत कराया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
घूरपुर में चितौरी गांव का बबलू मजदूरी करता है। उसके दो बेटे और एक बेटी में छोटा उबैस (3) गुरुवार दोपहर घर के बाहर खेल रहा था। अचानक वह खेलते-खेलते घर के सामने से गुजरे घूरपुर-प्रतापपुर मार्ग पर आ गया। तभी प्रतापपुर से नैनी की ओर जा रहे बेकाबू डंपर के चालक की लापरवाही से उबैस को टक्कर लग गई। टक्कर के बाद चालक सहम गया और डंपर लेकर भागा। उबैस डंपर के पहिए के नीचे आ गया और उसकी मौके पर ही कुचलकर मौत हो गई।
दुर्घटना के बाद चीख पुकार सुनकर घरवाले बाहर निकले तो सड़क पर मासूम का क्षत-विक्षत शव देखकर रूह कंाप गई। मौके पर जुटे गांव के लोगों ने डंपर लेकर भाग रहे चालक को लगभग पांच सौ मीटर दूर पीछा करने के बाद दबोच लिया। आक्रोशित ग्रामीणों ने चालक की जमक र धुनाई की। घटना से आक्रोशित ग्रामीण हंगामा करते हुए सड़क पर आ गए। खबर पाकर घूरपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने समझाबुझाकर मामला शांत कराया। बेटे की मौत से बबलू के घर कोहराम मचा है। मां सितारा देवी और पिता बबलू की आंखों से आंसू थम नहीं रहे।