alligation of Molestation and assault on aap leader
सरायइनायत इलाके में एक शोहदा दलित परिवार की लड़की के पीछे पड़ गया है। तीन रोज पहले दशहरा मेला से लौटते वक्त छेड़खानी के विरोध पर लड़की के भाई को पीटा गया था। थाने में शिकायत करने पर सोमवार रात लड़की के दादा की दुकान में आग लगा दी गई। पूरी दुकान और रखा माल जल गया। दुकान मालिक जलने से बचा। इस घटना की शिकायत पर भी पुलिस ने जांच की बात कहकर टाल दिया है।
इस लड़की से दो महीने पहले भी दूसरे समुदाय के युवक ने राह चलते छेड़खानी की थी। तब भी सरायइनायत थाने की पुलिस ने कुछ नहीं किया था। दोनों पक्षों में तब समझौता हो गया था। 22 अक्तूबर को हनुमानगंज के दशहरा मेले में भी लड़की से आरोपी युवक और उसके साथियों ने खींचतान की। विरोध पर लड़की के भाई को सरेआम पीटा और जान से मारने की धमकी देते भाग गए। थाने में शिकायत की गई लेकिन आरोपी युवक को पकड़ा नही जा सका।
सोमवार रात लड़की का दादा अपनी फर्नीचर की दुकान में सोया था तभी उसमें आग लगा दी गई। लपटों और धुआं से नींद टूटी तो वह बाहर निकला। शोर मचाकर लोगों को जुटाने तक में दुकान धू-धूकर जलने लगी। आग बुझाए जाने तक करीब दो लाख रुपये का माल जल गया। थाने में तहरीर देकर दादा ने आरोप लगाया है कि शोहदे ने अपने परिजनों संग मिलकर उसे जिंदा जलाने की कोशिश की है।