धूमनगंज इलाके में शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। एक ठेकेदार की पत्नी से उसके ही जिगरी दोस्त ने धमकाकर रेप किया। लोक लाज के डर से महिला चुप रही लेकिन इससे आरोपी की मनमानी बढ़ गई। महिला के साथ मारपीट भी की। आखिरकार महिला ने पति के सामने उसके दोस्त की करतूत उजागर की। ठेकेदार पत्नी को लेकर धूमनगंज थाने पहुंचा। पुलिस ने रेप का मुकदमा लिखकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
बलिया का रहने वाला एक युवक धूमनगंज इलाके में परिवार सहित रहता है। वह सौर उर्जा में ठेकेदारी करता है। तीन साल पहले उसकी मुलाकात भोला का पुरवा के सुमित तिवारी से हुई। दोनों अच्छे दोस्त बन गए। सुमित अक्सर अपने ठेकेदार दोस्त के घर आता जाता था। सुमित की गंदी नजर दोस्त की पत्नी पर थी। काम के सिलसिले में ठेकेदार अक्सर तीन-चार दिन के लिए शहर से बाहर निकल जाता था। इसका फायदा उठाकर सुमित उसके घर पहुंच जाता है। आरोप है कि एक दिन उसने घर में किसी को न पाकर ठेकेदार की पत्नी से रेप किया। युवती को धमकाया कि किसी के सामने मुंह खोला तो पूरे परिवार को मार डालेगा। ठेकेदार की पत्नी चुपचाप रही।
युवती की यह चुप्पी उसके लिए परेशानी का सबब बन गई। सुमित अक्सर उसके घर पहुंच जाता और दुराचार करता। वह दोस्त की पत्नी को जबरन अपने साथ घुमाने बाहर भी ले जाने लगा। आरोप है कि दो दिन पहले भी सुमित ठेकेदार के घर पहुंच गया। दोस्त की गर्भवती पत्नी को हवस का शिकार बनाया। विरोध पर उसे मारपीट कर लहूलुहान कर दिया। सुमित के जुल्मों से परेशान होकर पीड़िता ने पति को सारा वाकया बता दिया। ठेकेदार पत्नी को लेकर धूमनगंज थाने पहुंचा और तहरीर दी। इंस्पेक्टर धूमनगंज बचन सिंह सिरोही ने बताया कि आरोपी सुमित तिवारी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।