हंडिया(इलाहाबाद)। सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव का भतीजा बदायूं सांसद धर्मेंद्र यादव बनकर एसडीएम हंडिया को धौंस देना एक युवक को महंगा पड़ गया। हंडिया पुलिस ने शनिवार सुबह आरोपी युवक को रेलवे स्टेशन के पास से दबोच लिया। पुलिस ने पकड़े गए आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया।
हंडिया एसडीएम एके सिंह के मोबाइल 29 अप्रैल को एक कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को सपा सुप्रीमों मुलायम सिंह यादव का भतीजा धर्मेंद्र यादव बताया। उसने एसडीएम को धौंस दिया कि हंडिया के टेला गांव में आबादी की जमीन पर रखी गुमटी को हटवा कर तत्काल रिपोर्ट करें। अन्यथा अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहें। एसडीएम हंडिया को फोन करने वाले युवक पर कुछ शक हुआ। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना हंडिया इंस्पेक्टर महेंद्र सिंह देव को दी। पुलिस ने जिस नंबर से कॉल आई थी। उसको नंबर को सर्विलांस पर लगाया तो पता चला कि मोबाइल को सरायममरेज के मड़वा गांव का अनुज यादव प्रयोग कर रहा है।
वह फर्जी नाम पते पर सिम को लिया है। चौकी प्रभारी बरौत राम प्रवेश यादव आरोपी की तलाश में जुट गए। सुबह एसआई राम प्रवेश यादव को पता चला कि अनुज यादव हंडिया रेलवे स्टेशन के पास मौजूद है। इस चौकी प्रभारी ने सिपाहियों के साथ घेरेबंदी कर आरोपी अनुज यादव को दबोच लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी अनुज एमएससी कर रहा है। वह कई बार इस तरह की हरकत कर चुका है। पूछताछ में उसने बताया कि वह गुमटी हटवाना चाह रहा था लेकिन उसकी सुनवाई नहीं हो रही थी। इस पर उसने यह तरीका अपनाया।