छह महीने पहले घर में अकेली रहने वाली लड़की को कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ पिलाकर बलात्कार करने वाले कबाड़ी की पुलिस भी मदद कर रही है। थाने में पीड़िता की नहीं सुनी गई तो वह डीआईजी के पास पहुंच गई। यहां उसने आपबीती बताकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। कहने लगी कि अस्मत लूटने के बाद आरोपी उससे माफी मांगने लगा और शादी का झांसा दिया लेकिन अब शादी के मुकर रहा है। डीआईजी ने पीड़िता को आरोपी के खिलाफ कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया है।
लड़की ने बताया कि वह भैंस पालकर अपना खर्चा चलाती है। छह महीने पहले उसे घर में अकेली देखकर पड़ोस में रहने वाला सलीक कबाड़ी आ गया। उसने उसे बहलाकर नशीला कोल्ड ड्रिंक पिलाकर हवस का शिकार बना लिया। इसके बाद माफी मांगने और शादी का झांसा देने लगा। उसने घटना की जानकारी अपनी मां को दी तो वह सलीक के परिवार वालों के पास पहुंच गई। इस पर सलीक और उसके परिवार वाले शादी की बात करने लगे। इसके बाद सलीक शादी का बहाना करके उसके साथ लगातार संबंध बनाता रहा। 21 अप्रैल को लड़की की मां ने सलीक के परिवार वालों के सामने शादी की तारीख तय करने की बात रखी तो वह देहज की मांग करने लगे। उन्होंने अगले दिन सीओ से मिलकर मामले में रिपोर्ट दर्ज कराने को तहरीर दी, लेकिन मुकदमा नहीं लिखा गया। 26 अप्रैल को एसएसपी के यहां प्रार्थना पत्र देकर भी उन्हें इंसाफ नहीं मिला। मामले में पीड़िता ने मुकदमा दर्ज कराकर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की है।