युवक की हत्या के विरोध में सोमवार को नूरूल्ला रोड बैरियर के पास चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन करते लोग।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
शहर के अटाला मुहल्ले में रहने वाले युवा गोश्त कारोबारी मोहम्मद सहाफत कुरैशी (22) की रविवार रात गोली मारकर हत्या कर दी गई। आधी रात करेली थाने की पुलिस को उसका शव बख्शी मोढ़ा के पास सड़क पर मिला। वहीं बाइक पड़ी थी। भोर में परिजनों को खबर मिली तो कोहराम मच गया। कत्ल से आक्रोशित परिजनों ने नुरुल्ला रोड पर कई घंटे तक चक्काजाम किया। लोगों ने पहले सुबह जाम लगाया फिर शाम को पोस्टमार्टम के बाद शव रखकर चक्काजाम कर दिया। पुलिस ने कातिलों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी का भरोसा देकर लोगों को मनाया। शक के आधार पर पुलिस ने अटाला और बख्शी मोढ़ा से दो लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस का दावा है कि जांच के दौरान कुछ सुराग मिले हैं।
अटाला में रहने वाले मोहम्मद शहादत कुरैशी ने शाहगंज के कोलहन टोला में गोश्त की दुकान खोल रखी है। उनके तीन बेटों और पांच बेटियों में बड़ा पुत्र 22 वर्षीय सहाफत भी इसी कारोबार से जुड़ गया था। वह अटाला स्थित स्लाटर हाउस से दुकान में मीट लाकर बेचता था। रविवार रात वह दुकान से निकलने के बाद घर नहीं पहुंचा। उसका मोबाइल फोन भी स्विच ऑफ था। आधी रात करीब दो बजे करेली पुलिस को सूचना मिली कि बख्शी मोढ़ा के पास करेंहदा मार्ग पर बाइक के पास किसी व्यक्ति की लाश पड़ी है। पुलिस वहां पहुंची और शव को पोस्टमार्टम हाउस भेजा। बाइक के रजिस्ट्रेशन नंबर के जरिए पुलिस ने रात में ही गाड़ी मालिक का नाम-पता हासिल किया। सोमवार भोर में पुलिस ने अटाला में गोश्त कारोबारी शहादत कुरैशी को खबर दी। बेटे के लापता होने से परेशान शहादत ने थाने में खड़ी बाइक पहचानी। फिर पोस्टमार्टम हाउस में शव देखकर वह रोने-कलपने लगे। उनके बेटे सहाफत के सीने पर गोली मारी गई थी। परिवार में हाहाकार मच गया। हत्या की खबर पूरे इलाके में फैल गई।
सुबह करीब दस बजे मारे गए सहाफत के परिजनों, रिश्तेदारों और मुहल्ले वालों ने नुरुल्ला रोड बैरियर चौराहे पर चक्काजाम कर दिया। कई थानों की पुलिस, आरएएफ, पीएसी के साथ तीन सीओ वहां पहुंच गए। मगर लोग अडे़ रहे कि कातिलों की गिरफ्तारी हो तब जाम खत्म होगा। करीब घंटे भर बाद एसपी सिटी राजेश यादव भी वहां आए। उन्होंने परिवार के लोगों को बताया कि कातिलों का पता लगाया जा रहा है। समाजसेवी दिलशाद मंसूरी और अफसरों के मनाने और समझाने पर दो घंटे बाद जाम खत्म हुआ। शाम करीब पांच बजे पोस्टमार्टम के बाद सहाफत का शव रखकर दुबारा जाम लगाया गया तो पुलिस ने बड़ी मशक्कत से स्थिति संभाली। पुलिस ने शक के आधार पर बख्शी मोढ़ा के नईम और मेरठ से आकर अटाला में गोश्त का धंधा करने वाले आलम को हिरासत में लिया। पुलिस व्यवसायिक रंजिश, पैसों के विवाद और आशनाई के पहलू पर जांच कर रही है।
गोश्त व्यवसायी सहाफत की हत्या से अटाला इलाके में गम और गुस्सा रहा। कत्ल से आक्रोश, चक्काजाम और हंगामा की वजह से अटाला से नुरुल्ला रोड बैरियर तक तमाम दुकानें दोपहर तक बंद रहीं। खासतौर से गोश्त की दुकानें तो शाम तक नहीं खुलीं थीं।
हत्याकांड में कई पहलुओं पर पुलिस तहकीकात कर रही है। संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। कुछ ऐसे सुराग मिले हैं जिनके सहारे कातिलों की जल्द गिरफ्तारी कर ली जाएगी। -राजेश यादव, एसपी सिटी