नकाबपोश बदमाशों ने सोमवार दोपहर प्रीतम नगर कॉलोनी स्थित ज्वेलरी शोरूम में घुसकर तिजोरी से गहने लूट लिए। तीन बदमाश अंदर घुसे जबकि एक बाहर खड़ा था। दो बदमाशों ने शोरूम मालिक ऋषभ रस्तोगी और उनके कर्मचारी को पिस्टल सटाकर बंधक बनाया जबकि तीसरे बदमाश ने बैग में जेवर भरे। इसी बीच बाहर दुकानदारों में हलचल मची को खतरा भांपकर बदमाश दो बाइक पर फरार हो गए। धूमनगंज पुलिस ने दो संदिग्ध अपराधियों को हिरासत में लिया।
प्रीतम नगर कॉलोनी में विवेकानंद चौराहे के पास रहने वाले अनिल रस्तोगी ने दो ज्वेलरी शोरूम में खोल रखे हैं। चौराहे के पास श्री दुर्गेश्वरी ज्वेलर्स में उनका एक पुत्र ऋषभ चलाता है। जबकि कुछ दूर स्थित श्री भगवती ज्वेलर्स में वह दूसरे बेटे शानू के साथ बैठते हैं। सोमवार दोपहर करीब एक बजे श्री दुर्गेश्वरी ज्वेलर्स में उनका पुत्र ऋषभ कर्मचारी सुनील के साथ काऊंटर पर गहने लगा रहा था तभी दो बाइक पर चार नकाबपोश बदमाश आए। तीन बदमाश कांच का दरवाजा खोलकर अंदर आए। उनमें दो बदमाशों ने ऋषभ और सुनील को पिस्टल सटा दी जबकि तीसरा बदमाश तिजोरी से गहने निकालकर बैग में भरने लगा। तभी सड़क पार जनर स्टोर के बाहर बैठे फुटवियर कारोबारी बाबूजी की नजर शोरूम में लूटपाट पर गई तो उन्होंने दूसरे दुकानदार को बताया। बाहर हलचल मची तो बाहर झांक रहे बदमाशों ने भी खतरा भांप लिया। वे तीनों बाहर निकले।
फिर चारों बदमाश बिना नंबर की दो बाइक पर फरार हो गए। बदमाश लाल रंग की अपाचे और 220 सीसी की पल्सर बाइक पर भागे थे। इसी बीच वहां आसपास के लोग जुट गए। ऋषभ ने फोन से सूचना दी तो पिता अनिल और भाई शानू भी आ गए फिर 100 नंबर की पीआरवी और धूमनगंज पुलिस पहुंची। एसपी सिटी विपिन टाडा ने भी क्राइम ब्रांच के साथ मौके पर जाकर ऋषभ से घटना की जानकारी ली और सीसीटीवी फुटेज देखी। सीओ सिविल लाइंस डीपी तिवारी ने बताया कि दो संदिग्ध लोग पकड़े गए हैं। बदमाशों की जल्द शिनाख्त और गिरफ्तारी को दबिश दी जा रही है।