मां के इलाज की खातिर सीमेंट कारोबारी से एडवांस में दी गई रकम मांगने गए दिलीप यादव को कार में बैठाकर गोली मार दी गई। उसे चलती कार से सड़क पर धकेलकर हमलावर फरार हो गए। घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया। कारोबारी समेत छह लोगों की घटना में तलाश हो रही है।
नवाबगंज में जगापुर गांव निवासी चंद्रिका प्रसाद यादव का पुत्र दिलीप कुमार यादव (23) ऑटो चलाता है। कुछ दिन पहले घर बनाने के लिए सीमेंट खरीदने की खातिर उसने जूड़ापुर बीहर गांव के एक व्यक्ति को 20 हजार रुपये बतौर एडवांस दिए था। इसी बीच उसकी मां की तबियत खराब हो गई। पैसे के अभाव में मां का ऑपरेशन नहीं हो पा रहा था। ऐसेे में रविवार दोपहर दिलीप सीमेंट के लिए एडवांस में दिए पैसे मांगने की खातिर जूड़ापुर बीहर गांव गया। वहां सीमेंट दुकानदार समेत तीन लोगों ने उसे कार में बैठाया और कहा कि कौड़िहार में उस पैसे दिए जाएंगे। मगर कुछ दूर ले जाकर उसे गोली मार दी।
बायीं जांघ में गोली धंसने से घायल दिलीप को शाम लगभग चार बजे धरणीधर का पूरा गांव के सामने कार से फोरलेन हाइवे की सर्विस रोड पर फेंक दिया। खून से लथपथ दिलीप को सड़क पर तड़पता देखकर राहगीरों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने दिलीप को सीएचसी कौड़िहार भेजा जहां से उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। देर शाम तक घटना में नवाबगंज थाने की पुलिस को तहरीर नहीं मिली थी जबकि घायल दिलीप ने परिजनों को इस जानलेवा हमले में शामिल तीन लोगों के नाम बताए हैं।