मुट्ठीगंज इलाके में मंगलवार रात चोरों ने सराफा दुकान में पीछे के हिस्से का शटर तोड़कर अंदर घुसे और लाखों की ज्वेलरी उठा ले गए। बुधवार सुबह आभूषण की दुकान में चोरी की खबर से खलबली मच गई। सूचना पर मुट्ठीगंज पुलिस और फील्ड यूनिट मौके पर पहुंचकर छानबीन की। पुलिस केस दर्ज कर आधा दर्जन संदिग्धों को उठाकर पूछताछ कर रही है। धनतेरस से ठीक एक दिन पहले हुई घटना से कारोबारी को काफी नुकसान हुआ है।
अतरसुइया के रहने वाले राजेश अग्रवाल की बलुआघाट में तेजस्वी ज्वेलर्स के नाम से सराफा दुकान है। मंगलवार रात राजेश दुकान बंद कर घर चले गए। सुबह चोरी की खबर पाकर वह दुकान पर पहुंचे। दुकान के अंदर सामान बिखरा पड़ा था। तिजोरी टूटी पड़ी थी। खबर पाकर पुलिस पहुंची। एसओ मुट्ठीगंज संदीप तिवारी के मुताबिक ज्वेलरी की दुकान में आगे-पीछे दोनों तरफ शटर लगा हुआ है। दुकान के ठीक पीछे नाला है। चोर नाले की तरफ से पीछे का शटर तोड़कर दुकान के अंदर घुसे और चोरी कर आराम से निकल गए।
किसी को भनक तक नहीं लगी। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे को देखा लेकिन चोरों के बारे में कोई क्लू नहीं मिला। चोर कितने की ज्वेलरी ले गए है। यह कारोबारी ने नहीं बताया है। अनुमान है कि दस से 15 लाख की ज्वेलरी चोरों के हाथ लगी है। जिस ढंग से वारदात को अंजाम दिया गया उससे आशंका है कि दुकान चोरों के निशाने पर काफी दिनों से थी। धनतेरस के ठीक एक दिन पहले का चोरी की साजिश रची गई ताकि भारी मात्रा में ज्वेलरी हाथ लगे। घटना को लेकर स्थानीय लोगों में खासा आक्रोश है। उनका आरोप है कि पुलिस इलाके में गश्त नहीं करती है। जिसके चलते आए दिन चोरी की वारदात हो रही है।