ईडी ने नारंग की दो करोड़ उनतीस लाख चवालीस हजार से ज्यादा की संपत्ति एवं बैंक धनराशि को जब्त किया है।
यमुनापार के खीरी थाने में पुलिस कस्टडी में जहर खाने से कन्हैया कोल की मौत का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। अमर उजाला में इस प्रकरण की सच्चाई प्रकाशित होने पर बुधवार को एसएसपी शलभ माथुर ने जांच कराने का फैसला किया। उन्होंने आईपीएस गणेश साहा (सीओ दारागंज) को जांच की जिम्मेदारी दी है। आईपीएस की छानबीन में खीरी थाने की पुलिस करतूत बेनकाब होने की उम्मीद है। पुलिस के दबाव में अब परिजन भी चुप्सी साधने को मजबूर हैं।
सुजनी गांव के कन्हैया कोल (26) ने शुक्रवार को 100 नंबर पर फोन कर खुद पर हमले की शिकायत की तो पुलिसवाले उसे खीरी थाने ले गए थे। वहां शनिवार शाम पुलिस कस्टडी में उसने जहर (सल्फाश) निगल लिया तो घबराए पुलिसवालों ने उसके भाई अर्जुन और मौसा मथुरा को बुलाया। उनसे जीडी में दस्तखत कराकर कन्हैया को उनके हवाले कर दिया जबकि उसकी हालत बिगड़ गई थी। पुलिसवालों ने उसे अस्पताल ले जाने से भी मना कर दिया और कहा कि यह परिजनों की जिम्मेदारी है।
अस्पताल ले जाते समय कन्हैया ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने भाई अर्जुन से लिखाकर लिया कि कन्हैया ने थाने से निकलने केबाद घर में जहर खाया था। चुप रहने के लिए भाई और मौसा को थानाध्यक्ष तारकेश्वर राय ने 17 हजार रुपये दिए और पांच लाख रुपये सरकार से दिलाने का भरोसा दिया। यह सारा किस्सा मौसा और भाई ने अमर उजाला संवाददाता से फोन पर बातचीत में स्वीकारा जिसकी रिकार्डिंग मौजूद है। अमर उजाला के बुधवार के अंक में भाई और मौसा के हवाले से ‘कन्हैया ने थाने में निगला था सल्फाश’ शीर्षक से खबर प्रकाशित की तो खलबली मची। पुलिस ने फिर परिजनों पर दबाव बनाया जिसका नतीजा रहा कि बुधवार को मौसा ने अमर उजाला से कहा कि वह इस बारे में अब कुछ नहीं कहना चाहते। भाई अर्जुन कहेगा तो वह न्याय के लिए कहीं भी साथ देने को तैयार हैं।
शाम को एसएसपी ने बताया कि खीरी थानाध्यक्ष ने कहा था कि परिजनों ने लिखकर दिया है कि कन्हैया ने घर जाकर जहर खाया। अगर परिजनों ने अमर उजाला से थाने में जहर खाने और पुलिस लापरवाही की बात कही है तो यह गंभीर है। घटना की सच्चाई उजागर करने के लिए आईपीएस गणेश साहा को जांच दी गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई का फैसला किया जाएगा। इसमें पुलिस की भूमिका दोषपूर्ण मिलती है तो निश्चित तौर पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।