मऊआइमा इलाके में चार साल के मासूम से अप्राकृतिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़ित बच्चे को लेकर परिजन मऊआइमा थाने पहुंचे। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी किशोर को गिरफ्तार कर लिया। पीड़ित का मेडिकल कराया जा रहा है।
मऊआइमा के एक किसान का चार वर्षीय बेटा शनिवार शाम घर के बाहर खेल रहा था। लगभग साढ़े छह बजे पड़ोस का एक सोलह वर्षीय किशोर आया और बच्चे को टॉफी दिलाने के बहाने अपने साथ ले गया। वह मासूम को सूनसान स्थान पर ले गया और उसके साथ अप्राकृतिक दुष्कर्म किया।
किसी तरह आरोपी के चंगुल से छूटकर बच्चा खून से लथपथ होकर घर पहुंचा। उसकी हालत देखकर घर में कोहराम मच गया। पूछताछ पर उसने रोते हुए घरवालों को घटना के बारे में बताया। घरवाले उसे लेकर मऊआइमा थाने पहुंचे। पुलिस ने तहरीर पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पीड़ित को मेडिकल के लिए भेज दिया। इंस्पेक्टर मऊआइमा एसएन त्रिपाठी ने बताया कि आरोपी को पकड़ लिया गया है। वह भी नाबालिग बताया जा रहा है।