इलाहाबाद। यमुना किनारे स्थित मनकामेश्वर मंदिर के पास बृहस्पतिवार देर शाम छेड़खानी की घटना को लेकर फौजी और मेडिकल छात्र आमने-सामने आ गए। उनके बीच मारपीट भी हुई। मेडिकल छात्रों ने अपना पक्ष कमजोर पड़ते देख दूसरे साथियों को फोन कर बुला लिया। हंगामे की सूचना पर कीडगंज पुलिस और सीओ भी मौके पर पहुंचे। पुलिस के पहुंचने के बाद दोनों पक्षों के बीच बातचीत कर मामला शांत कराया गया।
मेडिकल कॉलेज के आधा दर्जन विद्यार्थी देर शाम मनकामेश्वर मंदिर गए थे। उनका आरोप है कि एक फौजी ने ग्रुप की एक छात्रा के साथ छेड़खानी की। इसे लेकर छात्रों की फौजी से जमकर कहासुनी हो गई, नौबत मारपीट तक भी पहुंची। साथी को घिरता देख दूसरे फौजी भी मौके पर आ गए। उधर छात्रों ने भी फोन करके अपने अन्य साथियों को बुला लिया। मारपीट की सूचना पर फोर्ट एरिया के भीतर से अन्य फौजी भी आ गए तो उन्होंने छात्रों को दौड़ा लिया। हंगामे की सूचना पर कीडगंज पुलिस और सीओ लाल प्रताप सिंह पहुंच गए।
घटना की खबर मिली तो मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर और सैन्य अफसर भी मौके पर आ गए। छात्र, एक साथी के गायब होने से उत्तेजित थे लेकिन थोड़ी देर में उसके मिलने के बाद मौके पर मौजूद अधिकारियों ने दोनों पक्षों से बातचीत कर मामला शांत कराया। सीओ लाल प्रताप सिंह के मुताबिक फौजी (सिविल स्टॉफ)और मेडिकल छात्रों के बीच किसी बात को लेकर टकराव हुआ था। मेडिकल कॉलेज प्रशासन और सैन्य अफसरों ने अपने स्तर से मामले की जांच कराने की बात कही है। किसी पक्ष ने पुलिस को तहरीर नहीं दी।