शहर में तेलियरगंज के ओल्ड कैंट इलाके में बेखौफ बदमाशों ने पेट्रोल पंप कर्मचारी को तमंचा सटाकर 3 लाख 33 हजार रुपये लूट लिए। शुक्रवार सरेशाम लूट की घटना के बाद खलबली मच गई। पुलिस ने कर्मचारी से पूछताछ के बाद पुलिस ने लुटेरों को पकड़ने के लिए जाल बिछाया लेकिन सफलता नहीं मिली। शिवकुटी पुलिस मुकदमा लिखकर लुटेरों की तलाश में लगी है।
फाफामऊ इलाके में शशांक सिंह का शगुन पेट्रोल पंप है। उनके यहां शांतिपुरम का छोटेलाल एकाउंट का काम देखता है। शुक्रवार शाम को वह एक बैग में पेट्रोल पंप का 3 लाख 33 हजार रुपये लेकर रेड ईगल स्थित एसबीआई शाखा में जमा करने आ रहा था। वह अपाचे बाइक से अकेले ही बैग में रकम लेकर निकला। ओल्ड कैंट इलाके में जोगिंदर सिंह स्टेडियम के पास अपाचे बाइक से ही आए तीन बदमाशों ने उसे घेरकर रोक लिया। बदमाश बैग छीनने लगे। विरोध करने पर छोटेलाल की कनपटी पर तमंचा लगा दिया। बदमाश रुपये लूटने के बाद शहर की ओर भाग निकले। सूचना कंट्रोल रूम को दी गई तो शिवकुटी एसओ अरविंद त्रिवेदी और सीओ कर्नलगंज डीपी तिवारी मौके पर पहुंचे।
एसपी क्राइम रमाकांत प्रसाद और एसपी सिटी राजेश कुमार भी थोड़ी देर में क्राइम ब्रांच की टीम के साथ घटनास्थल पर आ गए। लुटेरों के बारे में पूछताछ के बाद पुलिस लुटेरों की तलाश में लग गई। छोटेलाल ने बताया कि बदमाश तीन की संख्या में थे। उनका चेहरा खुला हुआ था। एक बदमाश ने कत्थई टीशर्ट पहनी थी। वह मोटा और लगभग छह फीट लंबा था। वे सफेद रंग की अपाचे बाइक से आए थे। छोटेलाल के मुताबिक बदमाशों के सामने आने पर पहचान लेगा।
लुटेरों की हुलिया के बारे में जानकारी करने के बाद छोटेलाल को पुलिस ने कई लुटेरों की फोटो दिखाई लेकिन लुटेरों उनमें नहीं थे। पुलिस अफसरों के मुताबिक बदमाशों का स्केच भी तैयार कराकर उनकी शिनाख्त का प्रयास होगा।
जिस तरह से पेट्रोल पंप कर्मचारी से लूट की घटना को अंजाम दिया गया है, उससे जाहिर की बदमाशों ने वारदात से पहले कई दिनों तक रेकी की थी। रेकी के बाद ही घटना को अंजाम दिया गया है। वहीं पुलिस को शक है कि घटना में कोई विभीषण भी हो सकता है। जिसने बदमाशों को मुखबिरी की हो। शक है कि लुटेरे या उसका कोई साथी पेट्रोल पंप से ही कर्मचारी का पीछा कर रहा होगा। ऐसे में फाफामऊ से तेलियरगंज के बीच चौराहों और दुकानों के बाहर लगे कैमरों में बदमाशों की तस्वीर कैद हो सकती है। पुलिस तेलियरगंज के दुकानदारों, एमएनएनआईटी चौराहा समेत अन्य स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
पेट्रोल पंप कर्मचारी को तमंचा सटाकर 3 लाख 33 हजार रुपये की लूट हुई है। बाइक सवार बदमाश तीन की संख्या में थे। क्राइम ब्रांच के साथ स्थानीय पुलिस टीम सीओ कर्नलगंज के नेतृत्व में लुटेरों को पकड़ने के लिए लगाई गई है।---रमाकांत प्रसाद एसपी क्राइम।