होलागढ़ थाना क्षेत्र के मुकुंदपुर बाजार में रविवार दोपहर जमीन के विवाद में हुई फायरिंग में अधिवक्ता की मौत हो गई। पिता की तहरीर पर व्यापारी और उसके तीन पुत्रों समेत पांच लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट लिखकर पुलिस ने चार को हिरासत में ले लिया है।
रवि प्रकाश त्रिपाठी (28) उर्फ राहुल पुत्र शिवनारायण तिवारी होलागढ़ के बंतरी गांव के रहने वाले थे। वह सोरांव तहसील में पिछले दो साल से वकालत कर रहे थे। पड़ोस में ही उनके भट्ठा संचालक चाचा मिथिलेश कुमार तिवारी रहते हैं। पुलिस के मुताबिक, घर से करीब 1.5 किमी की दूरी पर मुकुंदपुर बाजार स्थित बेशकीमती जमीन को लेकर मिथिलेश का बाजार में ही रहने वाले व्यापारी रूपचंद्र केसरवानी से विवाद चल रहा था। रविवार सुबह मिथिलेश जमीन पर मिट्टी डलवा रहे थे। आरोप है कि करीब 11 बजे वहां रूपचंद्र और उसके परिवारवाले राइफल, तमंचा और लाठी-डंडों से लैस होकर पहुंच गए।
खुद को घिरा देख मिथिलेश ने सूचना दी तो शिवनारायण अधिवक्ता बेटे रविप्रकाश के साथ पहुंच गए। शिवनारायण का आरोप है कि उन्होंने विवाद करने से रोका ही था तभी रूपनारायण के ललकारने पर उसके बेटे ने राइफल से फायर कर दिया। गोली अधिवक्ता के सीने पर लगी और वह लहूलुहान हालत में जमीन पर गिर पड़े। घरवाले उन्हें लेकर पहले शहर स्थित बेली और फिर एसआरएन अस्पताल भागे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पिता की तहरीर पर रूपचंद्र, उसके बेटे अनुज, संतोष व अजय के अलावा भाई प्रेमचंद्र के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। सीओ जीतेंद्र गिरि ने बताया कि हत्या में प्रयुक्त राइफल के साथ ही मौके से एक खोखा व चार कारतूस बरामद कर लिया गया है। एहतियातन फोर्स तैनात कर दी गई है।
नामजद आरोपियों से चार को हिरासत में ले लिया गया है। एक आरोपी अजय की तलाश की जा रही है। मामले में सख्त कार्रवाई होगी।
नितिन तिवारी, एसएसपी