बेटी की डोली से पहले उठी पिता की अर्थी
पिता रामनरेश ने बेटी पूनम की शादी को लेकर कई सपने संजोए थे। उनकी इच्छा थी कि बेटी को दुल्हन बनाकर पूरे रीति-रिवाज के साथ विदा करें। उन्होंने बेटी की शादी के लिए तैयारियां भी शुरू कर दी थीं, लेकिन किसे पता था कि जिस घर में बरात के स्वागत की तैयारियां चल रही हैं, उसी घर से बेटी की विदाई से पहले पिता की अर्थी उठेगी। जिस आंगन में विवाह के मंगलगीत गूंजने थे, वहां अब अपनों के बिछड़ने का दर्द है। बेटी की शादी से ठीक एक दिन पहले पिता का साया उठ जाने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। इस हृदयविदारक घटना को देखकर हर किसी की आंखें नम हो गईं।
एक ही परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
घटना के बाद जरांव विझवनियापुर गांव में शोक का माहौल है। आसपास के ग्रामीण और रिश्तेदार पीड़ित परिवार के घर पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दे रहे हैं। लगातार तीन मौतों ने परिवार को गहरे संकट में डाल दिया है। ग्रामीण इस घटना को लेकर बेहद दुखी हैं। बेटी की शादी से ठीक पहले पिता का साया उठ जाना पूरे गांव को भावुक कर गया। रामनरेश का अपनी बेटी को दुल्हन बनाकर विदा करने का सपना हमेशा के लिए अधूरा रह गया।
पुलिस ने ट्रक और चालक को लिया हिरासत में
इस संबंध में कोतवाल हंडिया ओमप्रकाश ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। घटना में शामिल ट्रक और उसके चालक को हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुटी है।