यमुनापार के खीरी इलाके की एक किशोरी ने अपने ही पिता-भाई पर दुराचार का आरोप लगाते हुए शोर मचाया तो गांव के लोग जुट गए। गांव के लोगों ने भाई को दबोच लिया, जबकि पिता भाग निकला। मामला खीरी थाने तक पहुंचा। पहले तो पुलिस ने घरेलू विवाद का मामला बताकर पल्ला झाड़ने का प्रयास किया। बाद में तहरीर पर पिता और भाई के खिलाफ मारपीट, धमकी की रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।
खीरी थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली किशोरी का आरोप है कि उसके पिता और भाई उस पर बुरी नीयत रखते हैं। जिसकी वजह से वह अपनी दादी के साथ रहती है। पति और बेटे की हरकतों से आजिज किशोरी की मां अपने मायके में रहती है। मंगलवार को दस बजे के करीब किशोरी के पिता और भाई मुंबई से गांव पहुंचे। आरोप है कि घर पहुंचते ही पिता ने किशोरी को गाली देना शुरू कर दिया। इस पर किशोरी ने फोन कर अपनी मां को इसकी सूचना दी। किशोरी का ननिहाल पड़ोस के गांव में है। इस बीच किशोरी को उसका भाई खींच कर अपने घर ले गया। आरोप है कि वहां पर पिता और भाई ने बदनीयती दिखाई।
किशोरी ने शोर मचाया तो गांव वाले जुट गए। इस बीच उसकी मां भी आ गई। किशोरी के फटे कपड़े देख आक्रोशित गांव वालों ने पिता और भाई को पीटना शुरू कर दिया। पिता जान बचाकर भाग निकला। मगर भाई पकड़ लिया गया। किशोरी, उसकी मां और गांव वालों ने उसे जमकर पीटा। खबर पाकर खीरी पुलिस पहुंची। पुलिस आरोपी भाई को पकड़कर थाने ले गई। प्रभारी थानाध्यक्ष खीरी रामकृपाल ने बताया कि तहरीर पर आरोपी भाई और पिता के खिलाफ मारपीट, धमकी की रिपोर्ट दर्ज की गई है। घरेलू विवाद का मामला है। मां-बेटी एक तरफ हैं और पिता-पुत्र एक तरफ हैं। वे मुंबई में रहते हैं। दुराचार के प्रयास जैसी बात सामने नहीं आई है। न ही ऐसी तहरीर दी गई। जबकि किशोरी का आरोप है कि पुलिस आरोपियों को बचा रही है। सीओ मेजा का कहना है तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही।