यमुनापार के बारा में रविवार सुबह एक अधेड़ महिला को लाठी-डंडे से पीटकर मारा डाला गया। महिला की मौत के बाद बेटा घर में ताला बंद कर गायब हो गया। महिला की हत्या की जानकारी ग्रामीणों को हुई तो भीड़ जुट गई। बारा पुलिस ने जांच के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं मृत महिला के भाई ने अज्ञात के खिलाफ हत्या की तहरीर दी है।
बारा के बरसरा गांव का जीतलाल प्रजापति किसान है। उसके दो बेटों में बड़े बेटे छेदी लाल की शादी हो चुकी है, जबकि छोटा बेटा विजय बहादुर बाहर रहकर सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करता है। विजय बहादुर की जुलाई में शादी पड़ी है। शनिवार को जीतलाल बड़ी बहू को मायके से बुलाने चले गए। घर में जीतलाल की पत्नी छब्बा देवी (55) और बेटा छेदीलाल ही थे। बताया जाता है कि जीतलाल का मां से छोटे भाई को शादी को लेकर विवाद हुआ। मां चाहती थी कि बेटे की शादी जुलाई में हो जाए, जबकि छेदीलाल एक साल बाद भाई की शादी के पक्ष में था। इस बात को लेकर मां-बेटे में जमकर कहासुनी हो गई। इसके बाद बेटा घर में ताला बंद कर गायब हो गया।
कुछ देर बाद पड़ोसी जीतलाल के घर की ओर गए तो बाहर छब्बा देवी का खून से लथपथ शव देखकर सन्न रह गए। बेटे के बारे में पूछताछ होने लगी तो पता चला कि वह गायब है। इस पर ग्रामीणों को शक हुआ। छब्बा देवी के सिर पर गहरे जख्म थे। सूचना पाकर बारा पुलिस पहुंची। छब्बा देवी के भाई बद्री प्रसाद ने पुलिस को तहरीर दी है कि उनकी बहन घर के बाहर बर्तन मांज रही थी, तभी अज्ञात हमलावरों ने पीटकर मार डाला। बारा इंस्पेक्टर शैलेंद्र सिंह ने बताया कि तहरीर पर मुकदमा लिखकर जांच की जा रही है। मां-बेटे के बीच झगड़े की बात ग्रामीणों से पता चली है। मां की हत्या के बाद से बेटा गायब है। ऐसे मे वह शक के दायरे में है।