यमुनापार के कोरांव में शनिवार सुबह आबादी की जमीन को लेकर दो पक्षों के बीच झगड़ा होने लगा। मारपीट में एक बुजुर्ग जान मोहम्मद (70) निवासी पैंतिहा कोरांव की मौत हो गई। मृतक के बेटे का आरोप है कि उसके पिता की गला दबाकर हत्या की गई है। बुजुर्ग की मौत के बाद गांव में खलबली मच गई। सूचना पर कोरांव पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने इस मामले में मृतक के बेटे की तहरीर पर चार भाइयों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी है।
कोरांव में पैतिहां गांव निवासी जान मोहम्मद के भाई रमजान की गांव में आबादी की जमीन है। उसने यह जमीन मेजा के एक युवक को रजिस्ट्री कर दी। जमीन खरीदने वाले मेजा के मुर्तजा शनिवार सुबह भाइयों के साथ जमीन पर निर्माण कराने पहुंच गया। यह खबर मिलते ही जान मोहम्मद मौके पर पहुंचे और निर्माण कार्य बंद करने के लिए कहा तो झगड़ा होने लगा। मुर्तजा और उसके भाई मिलकर जान मोहम्मद पर टूट पड़े। मारपीट की सूचना पर जान मोहम्मद का बेटा अयूब भागकर मौके पर पहुंचा। तब जान मोहम्मद जमीन पर पड़े थे। उनकी सांसे टूट चुकी थी। आरोप था कि हमलावरों ने गला दबाकर हत्या कर दी। सूचना पर कोरांव पुलिस पहुंची।
पुलिस ने गांव के लोगों से पूछताछ की तो मारपीट की बात सामने आई है। पुलिस को गांव के लोगों से पता चला कि मारपीट के दौरान जान मोहम्मद को धक्का लगा तो वह जमीन पर गिरे और मौत हो गई। पुलिस का कहना था कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले की रिपोर्ट दर्ज होगी। इससे परिजन और गांव के लोग हंगामा करने लगे। वे शव चीरघर भेजने से इंकार करने लगे। आखिरकार दोपहर बाद कोरांव पुलिस को हत्या का मुकदमा रिटायर सिपाही मर्तुजा और उसके भाइयों बदरे, सदरे और बकर अली के ख्लिाफ हत्या का मुकदमा लिखा। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। वहीं जान मोहम्मद की मौत से घरवाले गम में डूबे हैं। एसएसआई कोरांव का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।