बदमाश इस कदर बेखौफ हो चले हैं कि वह दिनदहाड़े भी घटना को अंजाम देने में हिचक नहीं रहे हैं। सोमवार को एक ऐसी ही घटना कोतवाली के बहादुरगंज में हुई जहां पुलिस चौकी के पीछे दिल्ली से लौट रही युवती का नगदी व अन्य सामान से भरा बैग छीनकर बदमाश भाग निकले। पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर जांच में जुटी है।
बहादुरगंज में रहने वाले मुस्सन समाजसेवी हैं। उनकी बेटी हुमा यूसुफ दिल्ली में रहकर नौकरी करती है। सोमवार सुबह सात बजे के करीब वह प्रयागराज एक्सप्रेस से शहर पहुंची और फिर ई रिक्शा पर सवार होकर घर आने लगी। अभी वह बहादुरगंज चौकी के पीछे स्थित मोती पार्क के पास ही पहुंची थी कि तभी बाइक से दो युवक आए और उसका बैग छीनने लगे। उसने विरोध किया तो आरोपी छीनाझपटी करने लगे।
जिससे वह ई रिक्शे से नीचे गिर पड़ी। जिससे उसके चेहरे व हाथ पर चोट आई। इस दौरान मौका पाकर बदमाश बैग लेकर भाग निकले। शोरगुल सुनकर आसपास के लोगों के साथ ही कांग्रेस नेता इरशाद उल्लाह भी पहुंच गए। उन्होंने मामले की जानकारी दी तो पुलिस पहुंची। बाद में लिखित शिकायत मिलने पर पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की। कोतवाली पुलिस का कहना है कि अज्ञात में मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। घटनास्थल के आसपास स्थित दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।