मुण्डेरा का शातिर अपराधी विनोद कुमार उर्फ गदऊ पासी एक बार फिर इनामी बदमाश हो गया है। ट्रांसपोर्टनगर में जुलाई 2015 में कारोबारी की हत्या के बाद उस पर इनाम की राशि बढ़कर 50 हजार रुपये तक हो गई थी। तब जाकर कई महीने बाद पुलिस ने मुठभेड़ में उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा था। 10 मई को किशोर न्यायालय खुल्दाबाद के सामने सिपाहियों से हाथ छुड़ाकर गदऊ भाग निकला था। तब से उसकी गिरफ्तारी के लिए क्राइम ब्रांच समेत पुलिस की कई टीमें लगी हैं। अब उस पर एसएसपी की ओर से पांच हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है।
गदऊ पासी पर धूमनगंज के साथ शहर के कई अन्य थानों में आधा दर्जन से अधिक संगीन मुकदमे दर्ज हैं। जुलाई 2015 में उसने ट्रांसपोर्टनगर के दो व्यापारी भाइयों को जूता फ्री न देने पर गोली मार दी थी। एक कारोबारी की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। उसके गैंग के दर्जनों गुर्गों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा लेकिन वह हाथ नहीं आ रहा था। उस पर इनाम की राशि बढ़कर पचास हजार रुपये तक हो गई थी। तब कई महीने बाद क्राइम ब्रांच की स्वॉट विंग ने मुठभेड़ में गिरफ्तार किया था।
वह कुछ महीने तक नैनी जेल में बंद रहा। उसके घरवालों ने न्यायालय में अर्जी दी थी कि वह नाबालिग है। उसे 10 मई को किशोर न्यायालय खुल्दाबाद पेशी पर लाया जा रहा था। वह खुल्दाबाद थाने के सामने से सिपाहियों को धक्का देकर भाग निकला। उसके खिलाफ खुल्दाबाद थाने में मुकदमा लिखा गया है। तब से पुलिस उसे तलाश रही है। इंस्पेक्टर खुल्दाबाद कुशलपाल सिंह यादव ने बताया कि एसएसपी की ओर से पांच हजार रुपये का इनाम गदऊ पासी पर घोषित किया गया है। उसकी तलाश की जा रही है।