जार्जटाउन के एलआईसी कॉलोनी फतेहपुर बिछुआ में काली मंदिर के पास शनिवार रात बीटेक छात्र की हत्या कर शव को सड़क पर फेंक कर बदमाश भाग निकले। खून से लथपथ शव सड़क पर मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। छात्र का मोबाइल और बैग तो मौके से मिला लेकिन पर्स गायब था। जार्जटाउन पुलिस इसे सड़क हादसा मान रही है। पुलिस का कहना है कि घटनास्थल के ठीक सामने पोल है। टक्कर के बाद छात्र का सिर पोल से टकरा गया और मौत हो गई। पुलिस के दावे के इतर पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर और जबड़े में चोट की बात सामने आई है। बीटेक छात्र के घरवालों ने भी हत्या की आशंका जताई है।
बलिया में उभांव इलाके के तिरमई खिदिरपुर के रहने वाले हीरामणि गौतम मुंबई में एक कंपनी में नौकरी करते हैं। उनकी पत्नी विद्यावती भी साथ रहती है। जबकि बड़ा बेटा लखनऊ में एमबीए करने के बाद नौकरी कर रहा है। छोटा हिमांशु गौतम लखनऊ के एक कॉलेज में बीटेक सेकेंड ईयर का छात्र था। हिमांशु का चचेरा भाई अविनाथ शहर में ईश्वर डिग्री कॉलेज के पास रहता है। हिमांशु के हाईस्कूल के प्रमाण पत्र में कुछ गड़बड़ी थी। जिसे दूर कराने के लिए शनिवार को वह दादर एक्सप्रेस से इलाहाबाद पहुंचा। शनिवार रात लगभग साढ़े 12 बजे जार्जटाउन पुलिस को सड़क पर खून से लथपथ एक युवक के पड़ा रहने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने बैग में मिले प्रमाण पत्र देखे लेकिन कुछ पता नहीं चला। फिर उसके मोबाइल से एक नंबर डायल किया तो पता चला कि छात्र के घर का नंबर है।
पुलिस ने हिमांशु के घरवालों को सूचना देकर उसकी शिनाख्त की। दुखद खबर पाकर हिमांशु का बड़ा भाई प्रद्युम्न यहां पहुंचा। जार्जटाउन पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बड़े भाई प्रद्युम्न ने भाई के हत्या की आशंका जताई है। उसका आरोप था कि हिमांशु के शरीर जैसी चोट है वो हत्या की तरफ इशारा कर रहे हैं। वह प्रयाग स्टेशन पर उतरा तो बगल में चचेरे भाई के घर पर जाता। आने से पहले भी उसने अविनाश को इस बात की जानकारी नहीं थी कि वह आ रहा था। इससे जाहिर है कि उसका भाई साजिश का शिकार हुआ। पुलिस मोबाइल की कॉल डिटेल की जांच करे तो हत्या का राज खुल सकता है। पोस्टमार्टम के बाद हिमांशु का शव लेकर परिजन बलिया चले गए। हिमांशु की मौत से घर में कोहराम मचा हुआ। मां-बाप का भी रोकर बुरा हाल है। वहीं एसओ जार्जटाउन शंभूनाथ तिवारी ने बताया कि अज्ञात वाहन की टक्कर से हिमांशु की मौत हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी ऐसी बात सामने आई है। फिलहाल हत्या के बिंदु पर भी जांच की जाएगी।