भीरपुर पुलिस चौकी के पास बुधवार की भोर में बदमाशों ने जियारत एक्सप्रेस ट्रेन में चेन पुलिंग कर एसी कोच में महिला के गहने और रुपये लूट लिये। इस बीच यात्रियों ने शोर मचाना शुरू किया तो बदमाश ड्राइवर पर पथराव करते हुए भाग निकले। ड्राइवर ने घटना की जानकारी जीआरपी को दी। जिसके बाद थोड़ी ही देर बाद जीआरपी भीरपुर पहुंच गई। सूचना पर एसपी यमुनापार और सीओ करछना कई थानों की फोर्स के साथ पहुुंच गये। हालांकि मौके से बदमाश भाग चुके थे।
मुगलसराय से गाड़ी नंबर 12395 जियारत एक्सप्रेस ट्रेन बुधवार को इलाहाबाद की ओर आ रही थी। ट्रेन को पहले कुछ अराजकतत्वों ने मेजा के पास ऊंचडीह के समीप चेन पुलिंग कर रोकने का प्रयास किया लेकिन वह नाकाम रहे। भोर में करीब तीन बजे ट्रेन भीरपुर पुलिस चौकी के पास पहुंची तभी बदमाशों ने चेन पुलिंग कर ट्रेन को रोक दिया। यात्रियों के अनुसार ट्रेन जैसे ही रुकी तो कुछ युवक ट्रेन की बोगी 796/1 में घुसे और लूटपाट करने लगे। लूट की घटना के दौरान यात्रियों ने शोर मचाया तो एक युवक एक महिला का बैग छीनकर भागने लगा। लोगों ने उसे दौड़ाने का प्रयास किया तो लूट कर भाग रहे युवक ने पथराव शुरू कर दिया।
ड्राइवर ने सोचा कि ट्रेन रुकने के कारण यात्री शोर मचा रहे हैं। वह ट्रेन से उतरकर पाइप हाउस को जोड़ने के लिये आगे बढ़ा तो बदमाशों ने उस पर भी पथराव करना शुरू कर दिया। ड्राइवर ने घटना की जानकारी जीआरपी को दे दी। सूचना के थोड़ी ही देर के बाद जीआरपी मौके पर पहुंची, लेकिन सभी बदमाश भाग चुके थे। वहीं सूचना पर एसपी यमुनापार आशुतोष मिश्रा, सीओ करछना बृजनंदन राय, नैनी कोतवाल रमेश पाण्डेय समेत भारी पुलिस पहुंच गई। यात्रियों के अनुसार उनके साथ लूटपाट की गई। एसी कोच में बैठे यात्री शैलेंद्र सिन्हा के मुताबिक उनकी पत्नी का बैग एक युवक लेकर भाग निकला। जिसमें आठ हजार रुपये और एक मंगलसूत्र था। घटना के बारे में डिप्टी एसएस सईद अहमद ने बताया कि ट्रेन को चेन पुलिंग कर रोका गया और ड्राइवर पर पथराव किया गया है। वहीं एसपी यमुनापार आशुतोष मिश्रा का कहना है कि ट्रेन चेन पुलिंग कर रोकी गई। एसी कोच में किसी महिला का बैग लेकर भागने की सूचना मिली है।