इलाहाबाद विश्वविद्यालय परिसर में सोमवार को एक बार फिर शर्मसार करने वाली घटना हुई। बीए द्वितीय वर्ष के छात्र ने बीएफए की एक छात्रा के साथ न सिर्फ छेड़खानी की बल्कि उसे चार-पांच थप्पड़ भी मारे। उसने छात्रा के चेहरे पर तेजाब से हमला करने की धमकी भी दी। आरोपी छात्र उसे पांच महीने से परेशान कर रहा है। छात्रा 1090 के अलावा एसपी साइबर क्राइम से भी शिकायत कर चुकी है, लेकिन छात्र की गतिविधियों पर अंकुश नहीं लगा। अभिभावक के साथ पहुंची छात्रा ने चीफ प्रॉक्टर से लिखित शिकायत की। प्रॉक्टर की संस्तुति पर कर्नलगंज थाने में मुकदमा लिख गया है।
छात्रा का आरोप है कि वह क्लास करके बाहर निकली तो बाहर कुछ लड़कों के साथ खड़े विवेक यादव नाम के छात्र ने उसका हाथ पकड़ लिया। जब तक वह कुछ समझ पाती छात्र ने चार-पांच झापड़ जड़ दिए और छेड़खानी भी की। उसने गालीगलौज भी की। छात्रा का कहना है कि विवेक के खिलाफ वह महिला हेल्पलाइन नंबर 1090 पर शिकायत कर चुकी है। इसके अलावा उसके नाम पर फर्जी फेसबुक एकाउंट बनाने की शिकायत भी एसपी क्राइम से कर चुकी है। आरोप लगाया कि छात्र दो मोबाइल नंबरों से उस पर एसिड डालने तथा जान से मारने की चार-पांच धमकी दे चुका है।
छात्रा के साथ चीफ प्रॉक्टर के पास पहुंचे अभिभावक का कहना था कि उन्होंने छात्र को कई बार समझाया भी, लेकिन वह पीछा नहीं छोड़ रहा। चीफ प्रॉक्टर का काम देख रहे डॉ. हर्ष कुमार का कहना है कि छात्रा ने पूर्व में कोई शिकायत नहीं की है। सोमवार को उसने और उसके अभिभावक ने शिकायत की। थाने में एफआईआर के लिए संस्तुति की गई, जिस पर मुकदमा दर्ज हो गया है। आरोपी छात्र को भी नोटिस भेजा गया है कि वह तत्काल अभिभावक के साथ मिले। अन्यथा, उसे विश्वविद्यालय से निष्कासित किया जा सकता है।