थरवई इलाके में बृहस्पतिवार शाम बहिरया और सिकंदरा क्षेत्र में किस्त वसूली के बाद बाइक पर लौट रहे फाइनेंस कंपनी के कलेक्शन मैनेजर को बदमाशों ने लूट लिया। दो बाइक सवार बदमाशों ने तमंचा सटाकर बैग लूट लिया जिसमें तीन लाख रुपये, लैपटॉप और मोबाइल फोन था। खबर मिलते ही पुलिस ने नाकाबंदी कर चेकिंग ली लेकिन देर रात तक बदमाशों का कोई भी सुराग नहीं मिल सका था।
हंडिया निवासी किशन श्रीवास्तव धनलक्ष्मी फाइनेंस कंपनी में बतौर कलेक्शन मैनेजर कार्यरत है। बृहस्पतिवार को उसने बहरिया और सिकंदरा इलाके में किस्त वसूले। शाम छह बजे वह वसूली के छह लाख रुपये बैग में रखकर बाइक से लौट रहा था तभी गारापुर-सिलोखरा मार्ग पर थरवई इलाके में दो बाइक सवार बदमाशों ने उसे रोककर तमंचा सटा दिया। बदमाशों ने उसे गोली मारने की धमकी देकर बैग लूट लिया और फिर भाग गए। किशन ने किसी तरह थाने जाकर पुलिस को खबर दी और बताया कि बैग में तीन लाख रुपये के साथ ही मोबाइल फोन और लैपटॉप भी था। पुलिस ने काफी भागदौड़ की लेकिन बदमाशों का पता नहीं चला। देर रात तक पुलिस यह भी कहने लगी कि बैग में तीन नहीं एक लाख 32 हजार ही थे।