लखनऊ से स्वर्गवासी पिता के श्राद्ध के लिए इलाहाबाद पहुंचे व्यक्ति को उचक्कों ने लाखों का चूना लगा दिया। माघ मेला क्षेत्र स्थित पार्किंग में खड़ी उसकी कार का शीशा तोड़कर पांच-सात लाख केजेवर और 15 हजार नगदी से भरे तीन बैग लेकर उचक्के रफूचक्कर हो गए। भुक्तभोगी ने शिकायत की तो पार्किंग के कर्मचारियों ने अपने हाथ खड़े कर दिए। इसके बाद मामले की शिकायत दारागंज थाने में की गई। पुलिस मुकदमा दर्ज कर जांच में जुटी है।
मूल रूप से हरदोई के रहने वाले सिद्धार्थ सिन्हा वर्तमान में लखनऊ में रहकर प्राइवेट नौकरी करते हैं। पिछले महीने उनके पिता सूर्य कुमार सिन्हा का निधन हो गया था। सिद्धार्थ ने बताया कि 26 जनवरी को वह परिवार समेत पिता के श्राद्ध केे लिए इलाहाबाद पहुंचे। दोपहर में करीब तीन बजे माघ मेला क्षेत्र स्थित एक पार्किंग में अपनी कार खड़ी कर वह परिवार के साथ संगम चले गए। वहां से सवा घंटे बाद लौटकर आए तो कार की पिछली सीट की र्बाइं ओर की खिड़की का शीशा टूटा हुआ था। साथ ही कार में रखे तीन बैग, जिसमें जेवर नगदी के साथ अन्य सामान था, भी गायब थे। उचक्के जैकेट व मोबाइल फोन भी उठा ले गए। भुक्तभोगी का कहना है कि तीनों बैग में करीब पांच से सात लाख के जेवर और 15 हजार नगदी भी थी। चूंकि उन्हें एक शादी में भी शामिल होना था, ऐसे में घर की महिलाएं जेवर आदि लेकर भी निकली थीं। बकौल सिद्धार्थ, इस बारे में जब उन्होेंने पार्किंग कर्मचारियों से शिकायत की तो उन्होंने हाथ खडे़े कर दिए। इसकेबाद वह शिकायत लेकर दारागंज थाने पहुंचे। इंस्पेक्टर दारागंज कृष्ण कुमार शर्मा ने बताया कि जांच की जा रही है।