एसटीएफ इलाहाबाद यूनिट ने पांच बदमाशों को सोरांव इलाके से पकड़ा है। पकड़े गए बदमाशों के पास से पुलिस ने 25 जुलाई को सोरांव इलाके में सराफा कारोबारी से लूटी गई बाइक, दो तमंचा, कारतूस, दो बाइक, छह मोबाइल और सराफा कारोबारी से लूटे गए जेवर को बेचने की पर्ची बरामद हुई। यह गिरोह जेल में बंद प्रतापगढ़ के बदमाश विकास सिंह के लिए काम करता है।
एसटीएफ के एसआई अतुल सिंह और अजय सिंह ने घेरेबंदी कर सोरांव इलाके से सुशील कुमार तिवारी उर्फ बाबा निवासी बिगहिया सोरांव, फाफामऊ के राजकुमार सोनी, सोरांव के मोहम्मद गुल नवाज, प्रतापगढ़ में मांधाता के रामपुर कला गांव के सुनील तिवारी और कोतवाली के जोगापुर निवासी राजेश गौड़ को दबोच लिया। उनके पास से पिछले दिनों 25 जुलाई को सराफा कारोबारी अरविंद कुमार सोनी से बलकरनपुर इलाके में लूटी गई पल्सर बाइक बरामद हुई। इसके अलावा दो अपाची बाइक, 62 हजार रुपये, दो तमंचा, चार कारतूस, कारोबारी का एटीएम कार्ड, कारोबारी के मोबाइल की बैट्री, और कारोबारी से लूटे गए जेवर को बेचने की दो पर्ची बरामद हुई।
पूछताछ में बदमाशों ने कबूला की वे जेल में बंद बदमाश विकास सिंह के लिए काम करते हैं। उसके इशारे पर लूट, छिनैती और भाड़े पर वारदात को अंजाम देते हैं। इन बदमाशों ने कबूला कि वे विकास के इशारे पर प्रतापगढ़ में मीराभवन के प्रदीप सिंह उर्फ डब्बू सिंह को मारने क ी फिराक में थे। उसकी कई दिनों से रेकी कर रहे थे। तभी एसटीएफ ने दबोच लिया। उधर, बदमाशों के पकड़े जाने की सूचना प्रतापगढ़ पुलिस की एक टीम पूछताछ के लिए सोरांव थाने आई थी। पूछताछ में बदमाशों ने बताया कि कारोबारी अरविंद सोनी से लूटे गए जेवर को बेंच दिया है। सोरांव थाने में पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ मुकदमा लिखकर पूछताछ की जा रही है।