आपराधिक मामला दर्ज होने की संभावना
- फोटो : facebook/jamie gilt
अतरसुइया इलाके में रविवार रात भाई को बचाने के प्रयास में बड़ी बहन गोली लगने से जख्मी हो गई। हमलावर गोली मारने के बाद तमंचा लहराते हुए भाग निकला। फायरिंग की आवाज सुनकर पहुंचे मोहल्ले के लोग खून से लथपथ युवती को एसआरएन अस्पताल ले आए। खबर पाकर सीओ बैरहना और एसओ अतरसुइया मौके पर पहुंचे। पूछताछ के बाद पुलिस आरोपी की तलाश में दबिश दे रही है।
अतरसुइया में मोमिनपुर अटाला के शहजादे कबाड़ कारोबारी है। उनके बेटे सैफी बाबू का रविवार शाम पड़ोस के युवक रमजान के साथ शराब के नशे में झगड़ा हो गया। इस बीच रमजान ने तमंचा निकाल लिया। दहशत में सैफी घर की ओर भागा और रमजान ने उसे दौड़ा लिया। सैफी अपने घर में घुस गया। वह दूसरी मंजिल पर जाने के लिए सीढ़ी चढ़ रहा था। उसकी बड़ी बहन अजरा (18) सीढ़ियों के समीप खड़ी थी। भाई को इस तरह भागते देख उसे शक हुआ। वह भी उसके पीछे दौड़ी।
तभी पीछे से तमंचा लेकर रमजान आ गया। भाई को बचाने के लिए अजरा रमजान से तमंचा छीनने के लिए दौड़ी। तभी गोली चल गई। गोली उसके दाहिने पैर में घुटने के ऊपर लगी और वह लहूलुहान होकर सीढ़ियों पर गिर पड़ी। गोली चलने के बाद मोहल्ले में खलबली मच गई। पड़ोस के लोग भागकर शहजादे के घर पहुंचे तो अजरा खून से लथपथ पड़ी तड़प रही थी। उसे अस्पताल लाया गया। एसओ अतरसुइया ब्रजेश यादव ने बताया कि शराब के नशे में दोनों के बीच झगड़ा हुआ था। आरोपी रमजान की तलाश में दबिश दी जा रही है। वह घर से भागा हुआ है।