हाईकोर्ट के अलावा शहर के बाजारों और शापिंग मॉल के बाहर से गाड़ियां चुराने वाले गिरोह का भंडाफोड़ कर क्राइम ब्रांच ने तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया है। उनकी निशानदेही पर चोरी की 15 बाइक बरामद की गईं हैं। गिरोह के सभी बदमाश मिर्जापुर के हैं। शहर से गाड़ियां चुराने के बाद वे मिर्जापुर में बेहद कम दाम पर बेचकर मोबाइल फोन, महंगे जूतों के शौक पूरे करते थे। इस गिरोह के दो गुर्गों की तलाश में पुलिस टीम छापे मार रही है।
क्राइम ब्रांच के उपनिरीक्षक नागेश सिंह, जीतेंद्र पाल सिंह, स्वाट प्रभारी ओमशंकर शुक्ला ने बृहस्पतिवार सुबह लीडर रोड चौकी प्रभारी वेद प्रकाश पांडेय के साथ घेराबंदी कर वाहन चोर गिरोह के तीन लोगों मिर्जापुर में विंध्याचल इलाके के संजय बिंद उर्फ कोलू, भगवानदास बिंद उर्फ अनूप कुमार, जिगना इलाके के इलियास अली उर्फ छोटे को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर चोरी की 15 बाइक बरामद की। इनमें ज्यादातर हीरोहोंडा स्पलेंडर, पैशन और अपाचे हैं। संतोष कुमार पंडा समेत दो वाहन चोर फरार हो गए। एसएसपी शलभ माथुर ने बताया कि गिरोह के बदमाश बस में बैठकर मिर्जापुर से इलाहाबाद आते थे, फिर हाईकोर्ट, पीवीआर, बिग बाजार, लक्ष्मण मार्केट के इर्द-गिर्द टहलने लगते।
वे कंधे पर बैग लटकाए रहते थे ताकि लोग उन्हें छात्र समझकर ध्यान न दें। उम्र भी कम होने का उन्हें फायदा मिलता रहा। बैग में चाभियों का गुच्छा रखते थे। इस गिरोह ने इलाहाबाद में अलग जगहों से दर्जनों बाइक चुराकर मिर्जापुर में महज तीन से पांच हजार रुपये में बेच डालीं। इनमें संजय बिंद और भगवानदास पहले भी वाहन चोरी में गिरफ्तार किए जा चुके हैं। संजय को जिगना पुलिस ने जेल भेजा था, मगर जेल से छूटकर वे फिर बाइक चोरी करने लगे थे। इनमें भगवानदास ने इंटर के बाद मोबाइल शॉप खोली लेकिन फिर बाइक चुराने लगा। गिरफ्तारी में इंद्रप्रताप सिंह, पवन सिंह, अवनीश कुमार, रविसेन सिंह, बालगोविंद पांडेय आदि की अहम भूमिका रही। एसएसपी ने टीम को नगद पुरस्कार देने का ऐलान किया है।
गिरफ्तार भगवानदास ने गिरफ्तारी से बचने के लिए हाईकोर्ट में अर्जी दी थी। वह जब भी हाईकोर्ट तारीख पर आता तो संजय के साथ मिलकर बाइक जरूर चोरी करता था। हाईकोर्ट भवन के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों में संजय चोरी करते दिखा। उसने लाल रंग का स्वेटर पहना था। तलाश में जुटी क्राइम ब्रांच ने जब पकड़ा तो वह लाल स्वेटर ही पहने था। बरामद 15 बाइक में दो सिविल लाइंस, दो शाहगंज और एक कर्नलगंज इलाके से चोरी की गई थी।